Paytm ने इन कर्मचारियों को दी 'वर्क फ्रॉम होम' की इजाजत, CEO विजय शेखर शर्मा ने ट्वीट कर दी जानकारी

पेटीएम के सीईओ (CEO) विजय शेखर शर्मा ने गुरुवार को ट्विटर पर एक मजेदार वीडियो पोस्ट कर वर्क फ्रॉम होम के फायदे बताए

अपडेटेड Jun 24, 2022 पर 4:23 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
विजय शेखर शर्मा, पेटीएम के सीईओ

कोरोना महामारी की रफ्तार धीमी पड़ने के बाद एक तरफ जहां दुनिया भर की कंपनियां अपने कर्मचारियों को ऑफिस वापस लौटने के लिए कह रही हैं। वहीं पेटीएम (Paytm) के फाउंडर विजय शेखर शर्मा (Vijay Shekhar Sharma) "वर्क फ्रॉम होम" के लाभों को विस्तार से बता रहे हैं।

पेटीएम के सीईओ (CEO) विजय शेखर शर्मा ने गुरुवार को ऐलान किया उनकी कंपनी में टेक, बिजनेस और प्रोडक्ट से जुड़े कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (Work from Home) या उनकी पसंद के किसी भी लोकेशन से काम करने की छूट रहेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान कंपनी ने जो रिमोट वर्किंग का कल्चर अपनाया था, वह आगे भी जारी रहेगा।

विजय शेखर शर्मा ने ट्विटर पर लिखा, "पेटीएम में हम आपको टेक, प्रोडक्ट और बिजनेस से जुड़े पदों के लिए घर से या कहीं से भी काम करने की इजाजत देते हैं।" इसके साथ ही उन्होंने एक एनिमेटेड वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें दिखाया गया है कि एक कर्मचारी को ऑफिस आने के लिए कितना समय बर्बाद करना होता है, जबकि वह इस दौरान घर में आराम से शांतिपूर्वक सो सकता या कोई और काम कर सकता है।


यह भी पढ़ें- Rakesh Jhunjhunwala Shares: नजारा टेक के शेयरों में आया 20% का उछाल, बोनस इश्यू से एक दिन पहले दिखी जबरदस्त तेजी

पेटीएम के फाउंडर ने जॉब तलाश रहे लोगों को भी प्रोत्साहित करते हुए पेटीएम (paytm) की वेबसाइट पर जाकर कैरियर सेक्शन विजिट करने और वहां मौजूदा जॉब ओपनिंग के बारे में देखने को कहा। उन्होंने कहा, "हमारी टीम से जुड़िए, जिसने देश के पेमेंट्स सिस्टम में अच्छे के लिए क्रांति लाई है।"

बता दें कि 'वर्क फ्रॉम होम' और 'वर्क फ्राम ऑफिस' इस समय कॉरपोरेट दुनिया में एक विवादस्पद मुद्दा बना हुआ है। टेस्ला और स्पेसएक्स चीफ एलॉन मस्क सहित जहां कई सीईओ ने अपने कर्मचारियों को तुरंत ऑफिस लौटने का आदेश दिया है। वहीं शर्मा जैसे सीईओ वर्क फ्रॉम होम की तारीफ करते हुए अधिकतर कर्मचारियों को घर से काम करने की छूट देने के पक्ष में है।

इस बीच ऐसी भी कई मामले सामने आए हैं, जहां कंपनी की तरफ से ऑफिस लौटने का आदेश देने के बाद कर्मचारियों ने इस्तीफा दे दिया है। हाल ही एपल (Apple) और व्हाइटहैट जेआर (WhiteHat Jr) में ऐसा देखने को मिला है, जहां ऑफिस आने की जगह कर्मचारियों ने इस्तीफा देना बेहतर समझा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।