फिनटेक सेक्टर की दिग्गज कंपनी फोनपे (PhonePe) ने अकाउंट एग्रीगेटर सर्विस (AA) की शुरूआत की है। इस सर्विस को पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी फोनपे टेक्नोलॉजी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (PTSPL) के जरिए लॉन्च किया गया है। इस सर्विस के तहत भारतीय कंज्यूमर्स को अपने सभी फाइनेंशियल डेटा जैसे कि बैंक स्टेटमेंट को रेगुलेटेड फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन के साथ सहमति के साथ शेयर करने की सुविधा मिलेगी।
फाइनेंशियल डेटा जैसे बैंक स्टेटमेंट, बीमा पॉलिसी और टैक्स फाइलिंग को फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन के साथ साझा करने से कंज्यूमर्स को लोन के लिए आवेदन करने, नया इश्योरेंस खरीदने या निवेश सलाह प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
फाइनेंशियल डेटा को एक्सेस और कंट्रोल करना हो जाएगा आसान
फोनपे के को-फाउंडर और CTO राहुल चारी ने एक मीडिया बयान में कहा, "इससे यूजर्स के लिए अपने स्वयं के फाइनेंशियल डेटा को एक्सेस करना और उसे कंट्रोल करना आसान हो जाएगा। इससे फाइनेंशियल सर्विसेज के साथ जुड़ने के तरीके में क्रांति आएगी। अकाउंट एग्रीगेटर नेटवर्क डिजिटल कनेक्टिविटी के एक नए युग के लिए मंच तैयार करता है। इसके तहत यूजर्स वित्तीय निर्णय लेने के लिए और अवसरों की दुनिया को अनलॉक करने के लिए अपनी स्वयं की जानकारी का बेहतर तरीके से इस्तेमाल कर सकेंगे।"
फर्म ने मंगलवार को बयान में कहा कि कंज्यूमर्स सीधे फोनपे वेबसाइट या फोनपे ऐप से किसी भी मौजूदा डेटा का साझा करने के लिए सहमति दे सकेंगे या इसे रद्द कर सकते हैं।
फोनपे ने कई बैंकों के साथ किया करार
लॉन्च के साथ ही PhonePe ने पहले से ही फाइनेंशियल इनफॉर्मेशन प्रोवाइडर्स (FIP) जैसे YES Bank, Federal Bank, AU Small Finance Bank, आदि के साथ करार किया है। बड़े बैंकों सहित कई अन्य FIP के जून के अंत से पहले इंटीग्रेट होने की संभावना है। 26 अगस्त को डिजिटल पेमेंट फिनटेक PhonePe ने घोषणा की कि उसे AA के रूप में काम करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।