भारत में जापानी कंपनी सुजुकी के 40 साल पूरे होने के मौके पर गांधीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को शामिल हुए। इस मौके पर पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरियाणा के सोनीपत के खरखौदा में मारुति सुजुकी पैसेंजर व्हींकल प्लांट और गुजरात के हंसलपुर में इलेक्ट्रिक व्हीकल बैटरी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की आधारशिला रखी। गुरुग्राम और मानेसर के बाद मारुति सुजुकी का यह हरियाणा में तीसरा प्लांट है।
मारुति सुजुकी ने इलेक्ट्रिक व्हीकल्स प्लांट के लिए 10 हजार करोड़ निवेश का फैसला किया है। मारुती सुजुकी साल 2025 से इलेक्ट्रिक व्हीकल का प्रोडक्शन शुरू कर सकती है। सुजुकी के भारत में 40 साल पूरे होने पर आयोजित एक कार्यक्रम को पीएम मोदी ने संबोधित भी किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि मारुति सुजुकी की सफलता भारत-जापान की मजबूत पार्टनरशिप का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बीते 8 साल में दोनों देशों के बीच ये रिश्ते नई ऊंचाइयों तक गए हैं। जापान के सहयोग से आज भारत में बुलेट ट्रेन से लेकर बनारस में रुद्राक्ष सेंटर तक का विकास हुआ है।
जापानी वाहन कंपनी सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के भारतीय परिचालन के चार दशक पूरा होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि ऊर्जा की बड़ी खपत परिवहन क्षेत्र में होती है ऐसे में इस क्षेत्र में नवोन्मेष एवं शोध प्रयास हमारी प्राथमिकता होने चाहिए। हमें भरोसा है कि हम इस लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे।
प्रधानमंत्री ने गुजरात में सुजुकी मोटर के नए ईवी बैटरी प्लांट और हरियाणा के सोनीपत में मारुति सुजुकी के नए प्लांट की आधारशिला रखने के बाद कहा कि देश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक दोपहिया एवं चार-पहिया वाहन पूरी तरह शांत होते हैं और थोड़ा भी शोर नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का एकदम शांत रहना देश में एक नई तरह की क्रांति लेकर आ रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि एकदम शांति से मतलब सिर्फ इंजीनियरिंग से नहीं है बल्कि यह देश में एक मौन क्रांति की शुरुआत भी है। उन्होंने कहा कि आज देश में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार जिस रफ्तार से बढ़ रहा है उसकी कुछ वर्ष पहले तक कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। उन्होंने कहा कि आयकर में छूट और सरल कर्ज प्रक्रिया जैसे विभिन्न प्रोत्साहन इलेक्ट्रिक वाहनों के खरीदारों को दिए जा रहे हैं जो इलेक्ट्रिक वाहनों की पारिस्थितिकी को मजबूत करने के सरकार के प्रयासों का हिस्सा है।
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया घरेलू बाजार में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी फिर हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। कंपनी के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर आर सी भार्गव ने कहा कि मारुति पीछे नहीं हटेगी और 50 फीसदी मार्केट हिस्सेदारी फिर हासिल करने के लिए संघर्ष करेगी। मारुति देश में अपने परिचालन के 40 साल पूरे होने का जश्न मना रही है।