राकेश झुनझुनवाला के निवेश वाली फुटवियर स्पेशियलिटी रिटेलर मेट्रो ब्रांड्स ने 7 दिसंबर को अपनी पहली पब्लिक ऑफिरंग के लिए 485-500 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का प्राइस बैंड तय किया। ऊपरी प्राइस बैंड पर इस ऑफर से कंपनी को 1,367.5 करोड़ रुपये मिलेंगे। Metro Brands का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 10 दिसंबर को खुलेगा और 14 दिसंबर को बंद हो जाएगा। कंपनी की 22 दिसंबर को आईपीओ की लिस्टिंग की योजना है।
इस ऑफर में 295 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 2.14 करोड़ इक्विटी शेयरों को बेचने वाले प्रमोटरों द्वारा 1,072.5 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल शामिल है। इश्यू 10-14 दिसंबर के दौरान सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा।
न्यूनतम 30 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 30 शेयरों के मल्टीपल में बोलियां लगाई जा सकती हैं। इसलिए रिटेल निवेशक एक लॉट के लिए न्यूनतम 15,000 रुपये का निवेश कर सकते हैं और अधिकतम 13 लॉट के लिए उनका निवेश 1.95 लाख रुपये होगा।
इस ऑफर के बुक रनिंग लीड मैनेजर Axis Capital, Ambit, DAM Capital Advisors, Equirus Capital, ICICI Securities और Motilal Oswal Investment Advisors हैं।
कंपनी मेट्रो, मोची, वॉकवे और क्रोक्स (Metro, Mochi, Walkway and Crocs) ब्रांड के तहत नए स्टोर खोलने और सामान्य कॉर्पोरेट कार्यों के लिए नए इश्यू से प्राप्त पैसों का उपयोग करेगी।
ऑफर का आधा हिस्सा पात्र संस्थागत खरीदारों के लिए, 35 प्रतिशत रिटेल निवेशकों के लिए और शेष 15 प्रतिशत गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए रिजर्व किया गया है।
बता दें कि मेट्रो ब्रांड्स अपने फुटवियर को अपने मेट्रो, मोची, वॉकवे, दा विंची और जे फोंटिनी (Mochi, Walkway, Da Vinchi and J. Fontini) के साथ-साथ क्रॉक्स, स्केचर्स, क्लार्क्स, फ्लोर्सहाइम और फिटफ्लॉप (Crocs, Skechers, Clarks, Florsheim, and Fitflop) जैसे कुछ थर्ड पार्टी के ब्रांडों के तहत बेचता है। यह कंपनी दुकानों पर बेल्ट, बैग, मोजे, मास्क और पर्स जैसे सामान भी पेश करता है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)