RBI Policy Meet Highlights: रेपो रेट घटकर हुई 6.25%, रिवर्स रेपो रेट अब 3.35%; FY26 में GDP ग्रोथ 6.7% रहने का अनुमान - rbi monetary policy 2025 live updates rbi mpc meet repo rate cut cpi inflation forecast gdp reserve bank of india new governor sanjay malhotra announcements | Moneycontrol Hindi

लाइव ब्लॉग

FEBRUARY 07, 2025/ 11:16 AM

RBI Policy Meet Highlights: रेपो रेट घटकर हुई 6.25%, रिवर्स रेपो रेट अब 3.35%; FY26 में GDP ग्रोथ 6.7% रहने का अनुमान

RBI Policy Meet Highlights: रेपो रेट, वह दर है जिस पर कमर्शियल बैंक अपनी तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के लिये केंद्रीय बैंक से कर्ज लेते हैं। RBI, महंगाई को काबू में रखने के लिये इस दर का इस्तेमाल करता है। रेपो रेट में कमी का मतलब है कि मकान, गाड़ी समेत विभिन्न कर्जों पर मासिक किस्त यानि EMI में कमी आएगी

Story continues below Advertisement

RBI MPC Meet Highlights: भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने आखिरकार उम्मीदों को पूरा कर दिया है। MPC ने सर्वसम्मति से रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की है। इसके बाद रेपो रेट घटकर 6.25 प्रतिशत पर आ गई है। इससे पहले लगातार 11 बार रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया था। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने MPC के फैसलों की जानकारी दी।

इससे पहले MPC ने कोविड काल के बीच

RBI MPC Meet Highlights: MPC की मीटिंग 5 फरवरी को शुरू हुई थी और आज, 7 फरवरी को फैसले का दिन था।
FEBRUARY 07, 2025 11:12 AM IST

RBI Policy Meet Live: SBI ने कर दिया लोन की ब्याज दरें घटाने का ऐलान

RBI MPC Meet: पॉलिसी रेट पर RBI MPC के फैसले की घोषणा के तुरंत बाद SBI के MD अश्विनी कुमार तिवारी ने भी होम लोन और कार लोन पर ब्याज दरें घटाने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने CNBC-Awaaz को इस बारे में जानकारी दी और कहा कि रेपो रेट में कटौती का फैसला उम्मीदों के मुताबिक रहा।

FEBRUARY 07, 2025 11:05 AM IST

RBI Policy Meet Live: कर्जों पर घटेगी EMI

RBI MPC Meet: रेपो रेट में कमी का मतलब है कि मकान, गाड़ी समेत विभिन्न कर्जों पर EMI में कमी आएगी। रेपो रेट, वह दर है जिस पर कमर्शियल बैंक अपनी तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के लिये केंद्रीय बैंक से कर्ज लेते हैं। RBI, महंगाई को काबू में रखने के लिये इस दर का इस्तेमाल करता है।

FEBRUARY 07, 2025 10:57 AM IST

RBI Policy Meet Live: केंद्रीय बैंक के पास बिना जरूरत का पैसा न रखें बैंक

RBI MPC Meet: RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बैंकों से आग्रह किया कि वे केंद्रीय बैंक के पास बिना जरूरत का पैसा न रखें, बल्कि जरूरत के अनुसार आपस में इस्तेमाल करें। उन्होंने यह भी कहा कि RBI की विदेशी मुद्रा नीति लगातार व्यवस्थित और स्थिर बाजार परिचालन के पक्ष में बनी हुई है। यह किसी विनिमय दर को टारगेट नहीं करती है।

FEBRUARY 07, 2025 10:54 AM IST

RBI Policy Meet Live: भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत, पर वैश्विक चुनौतियों से अछूती नहीं

RBI MPC Meet: संजय मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है लेकिन यह वैश्विक चुनौतियों से अछूती नहीं है। खाने पीने की चीजों की महंगाई पर उन्होंने कहा कि नई फसल के आने के साथ ही खाद्य महंगाई में नरमी आएगी।

FEBRUARY 07, 2025 10:52 AM IST

RBI Policy Meet Live: साइबर धोखाधड़ी रोकने के लिए आएगा खास प्लेटफॉर्म

RBI MPC Meet: RBI गवर्नर ने ऐलान किया कि साइबर धोखाधड़ी रोकने के लिए बैंकों का खास प्लेटफॉर्म लाया जाएगा। इसके लिए रजिस्ट्रेशन अप्रैल में शुरू होगा। इसके अलावा यह भी कहा कि RBI, रेगुलेटेड मार्केट्स में कारोबार और सेटलमेंट टाइमिंग के रिव्यू के लिए कार्यसमूह का गठन करेगा।

FEBRUARY 07, 2025 10:47 AM IST

RBI Policy Meet Live: सरकारी सिक्योरिटीज में लॉन्ग टर्म कॉन्ट्रैक्ट को शामिल करने का प्रस्ताव

RBI MPC Meet: संजय मल्होत्रा ने कहा कि सरकारी सिक्योरिटीज में लॉन्ग टर्म कॉन्ट्रैक्ट को शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इससे लॉन्ग टर्म निवेशकों को अपने इंट्रेस्ट रेट रिस्क को मैनेज करने में सुविधा होगी। उन्होंने बैंकों और NBFC से साइबर जोखिमों के लिए प्रिवेंटिव और डिटेक्टिव मैकेनिज्म में सुधार करने का आग्रह किया है। मीटिंग में ऑफशोर पेमेंट्स के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन के विस्तार का प्रस्ताव भी रखा गया।

FEBRUARY 07, 2025 10:43 AM IST

RBI Policy Meet Live: डिजिटल धोखाधड़ी में वृद्धि चिंता का विषय

RBI MPC Meet: RBI गवर्नर ने कहा कि डिजिटल धोखाधड़ी में वृद्धि चिंता का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ बैंक बिना जमानत के यानि कि अनकोलैटराइज्ड कॉल मनी मार्केट में उधार देने से कतरा रहे हैं। उनसे आग्रह है कि वे बाजार को और मजबूत बनाने के लिए अनकोलैटराइज्ड कॉल मनी मार्केट में सक्रिय रूप से ट्रेड करें। 31 जनवरी को बैंकिंग सिस्टम के लिए सीडी रेशियो 80.8% रहा, जो एक महीने पहले के स्तर के समान है। NBFC के लिए सिस्टम स्तर के पैरामीटर भी मजबूत हैं।

FEBRUARY 07, 2025 10:39 AM IST

RBI Policy Meet Live: FY26 में खुदरा महंगाई 4.2% रहने का अनुमान​

RBI MPC Meet: संजय मल्होत्रा ने कहा कि जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में देश में खुदरा महंगाई 4.4%, अप्रैल-जून 2025 में 4.5%, जुलाई-सितंबर 2025 में 4.0%, अक्टूबर-दिसंबर 2025 में 3.8% और जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में 4.2% रहने का अनुमान है। वहीं वित्त वर्ष 2025 में खुदरा महंगाई 4.8% और वित्त वर्ष 2026 में 4.2% रहने का अनुमान है।

FEBRUARY 07, 2025 10:34 AM IST

RBI Policy Meet Live: GDP ग्रोथ FY26 में 6.7% रहने का अनुमान

RBI MPC Meet: भारतीय रिजर्व बैंक ने वित्त वर्ष 2026 के लिए देश की विकास दर 6.7 प्रतिशत रहने की उम्मीद जताई है। वित्त वर्ष 2026 के लिए रियल GDP ग्रोथ 6.75%, अप्रैल-जून 2025 तिमाही 6.7%, जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में 7% रहने का अनुमान है। वहीं अक्टूबर-दिसंबर 2025 और जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में इसके 6.5-6.5% रहने का अनुमान है।

FEBRUARY 07, 2025 10:30 AM IST

RBI Policy Meet Live: रिवर्स रेपो रेट हुई 3.35%

RBI MPC Meet: एमपीसी ने MSF रेट को 6.5 प्रतिशत, SDF रेट को 6 प्रतिशत, रिवर्स रेपो रेट को 3.35 प्रतिशत कर दिया है। रिवर्स रेपो रेट वह दर है, जिस पर बैंक, आरबीआई को कर्ज देते हैं। फरवरी की मीटिंग में CRR को फिर से बढ़ाकर 4.5 प्रतिशत कर दिया गया है। दिसंबर की मीटिंग में MPC ने CRR को 4.5% से घटाकर 4% कर दिया था। CRR किसी बैंक की कुल जमा राशि का वह प्रतिशत है, जिसे बैंक को लिक्विड कैश में RBI के पास रिजर्व के तौर पर रखना होता है।

FEBRUARY 07, 2025 10:24 AM IST

RBI Policy Meet Live: FY25 के लिए खुदरा महंगाई 4.8% रहने का अनुमान

RBI MPC Meet: RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ​​ने कहा कि वित्त वर्ष 2025 के लिए खुदरा महंगाई 4.8% रहने का अनुमान है। तीसरी तिमाही के शुरुआती कॉर्पोरेट नतीजों से मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में हल्की रिकवरी का संकेत मिलता है। व्यावसायिक उम्मीदें सकारात्मक बनी हुई हैं और सर्विसेज अच्छी बनी हुई हैं। ग्रामीण मांग में तेजी का रुख है, शहरी मांग का रुख मिक्स है।

FEBRUARY 07, 2025 10:16 AM IST

RBI Policy Meet Live: रेपो रेट पर रुख में बदलाव नहीं

RBI MPC Meet: भारतीय रिजर्व बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी ने रेपो रेट में कटौती तो की है लेकिन इस पर रुख में बदलाव न करते हुए इसे 'न्यूट्रल' पर ही बरकरार रखा है। दिसंबर की मीटिंग में भी रुख को 'न्यूट्रल' पर बरकरार रखा गया था। रेपो रेट में 5 साल बाद कटौती का तोहफा मिला है।

FEBRUARY 07, 2025 10:12 AM IST

RBI Policy Meet Live: RBI ने रेपो रेट 0.25% घटाई

RBI MPC Meet: मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी ने आखिरकार उम्मीदों को पूरा कर दिया है। फरवरी की मीटिंग में रेपो रेट को 0.25 प्रतिशत घटाकर 6.25 प्रतिशत कर दिया गया है। गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि एमपीसी के सभी सदस्यों ने रेपो रेट में कटौती के पक्ष में वोट किया।

FEBRUARY 07, 2025 10:04 AM IST

RBI Policy Meet Live: RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा का स्टेटमेंट शुरू

RBI MPC Meet: RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा का पॉलिसी रेट पर स्टेटमेंट शुरू हो गया है। वह देश की अर्थव्यवस्था और महंगाई पर बात कर रहे हैं। जल्द ही रेपो रेट पर फैसले की घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा कि MPC के प्रस्तावों से देश के सभी नागरिकों के जीवन पर असर पड़ता है। यह कारोबारियों, अर्थशास्त्रियों और सभी पक्षों के लिए महत्व रखते हैं।

FEBRUARY 07, 2025 9:51 AM IST

RBI Policy Meet Live: पिछली मीटिंग में महंगाई पर क्या था अनुमान

RBI MPC Meet: मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी ने वित्त वर्ष 2025 में महंगाई 4.8% रहने का अनुमान जताया है। वहीं दिसंबर तिमाही में यह 5.7% और मार्च तिमाही में 4.5% रहने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही यानि अप्रैल-जून में महंगाई 4.6% और जुलाई-सितंबर में 4% रह सकती है। जोखिम समान रूप से संतुलित हैं।

FEBRUARY 07, 2025 9:44 AM IST

RBI Policy Meet Live: रियल एस्टेट चाहता है रेट कट

RBI MPC Meet: NAREDCO ने आवास की मांग को सपोर्ट देने के लिए RBI से रेपो रेट में 25-30 बेसिस पॉइंट्स की कटौती करने की अपील की है। कहा है कि दरों में कमी से रियल एस्टेट की रफ्तार को और बल मिलेगा। साथ ही कंस्ट्रक्शन, सीमेंट और स्टील जैसे उद्योगों को लाभ होगा। होम लोन अधिक किफायती हो जाएगा।

FEBRUARY 07, 2025 9:37 AM IST

RBI Policy Meet Live: रुपया इस साल अब तक 2 प्रतिशत टूटा

RBI MPC Meet: इंडियन करेंसी में इस साल अब तक दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। 2024 में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में करीब 3 प्रतिशत की गिरावट आई थी। रुपया 1 जनवरी 2024 को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.21 पर था। इस साल अब तक रुपया 193 पैसे टूट चुका है। एक जनवरी 2025 को डॉलर के मुकाबले रुपया 85.64 पर था। रुपये की कमजोरी के चलते रेपो रेट में कटौती एक बार फिर टल सकती है।

FEBRUARY 07, 2025 9:29 AM IST

RBI Policy Meet Live: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में 11 पैसे की तेजी

RBI MPC Meet: भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति के फैसलों की घोषणा से पहले इंडियन करेंसी रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 11 पैसे बढ़कर 87.4688 पर खुला। गुरुवार, 6 फरवरी को रुपया 16 पैसे टूटकर 87.59 प्रति डॉलर के अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। रेपो रेट में कटौती की संभावना बढ़ने से रुपये पर दबाव बढ़ा गिरावट आई। कमजोर घरेलू बाजारों और इंपोटर्स की डॉलर मांग से भी भारतीय मुद्रा नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई। अमेरिकी टैरिफ पर जारी अनिश्चितता के बीच वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने के ट्रेंड के कारण रुपये पर और दबाव पड़ सकता है।

FEBRUARY 07, 2025 9:21 AM IST

RBI Policy Meet Live: पॉलिसी रेट पर फैसले से पहले शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला

RBI MPC Meet: रेपो रेट पर फैसले से पहले शेयर बाजार हरे निशान में खुला। सेंसेक्स 61.44 अंकों की हल्की बढ़त के साथ 78,119.60 पर खुला। एनएसई निफ्टी भी 46.15 अंकों की मामूली तेजी के साथ 23,649.50 पर खुला है। तुरंत ही दोनों बेंचमार्क इंडेक्सेज में उतारचढ़ाव शुरू हो गया है और यह कभी लाल और कभी हरे निशान में झूल रहे हैं।

FEBRUARY 07, 2025 9:16 AM IST

RBI Policy Live: बैंक ऑफ अमेरिका ग्लोबल रिसर्च का क्या अनुमान

RBI MPC Meet: ग्लोबल रिसर्च फर्म 'बैंक ऑफ अमेरिका ग्लोबल रिसर्च' का भी मानना है कि आर्थिक वृद्धि और महंगाई दोनों के ही आंकड़े मौद्रिक स्थितियों को आसान बनाने की जरूरत की तरफ इशारा करते हैं। उम्मीद है कि प्रमुख ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत कटौती का फैसला सर्वसम्मति से लिया जाएगा। मौद्रिक नीति समिति में 6 सदस्य हैं।

FEBRUARY 07, 2025 9:01 AM IST

RBI Policy Live: यस सिक्योरिटीज को कटौती की उम्मीद नहीं

RBI MPC Meet: यस सिक्योरिटीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अमर अंबानी का कहना है, "हमें इस बैठक में RBI की ओर से दरों में कटौती की उम्मीद नहीं है। दरअसल वैश्विक परिस्थितियां इस स्तर पर दरों में कटौती के लिए प्रतिकूल बनी हुई हैं।" अगर ऐसा हुआ तो रेपो रेट लगातार 12वीं बार 6.50 प्रतिशत पर बरकरार रखी जाएगी।

FEBRUARY 07, 2025 8:54 AM IST

RBI Policy Live: पिछली मीटिंग में घटाया था CRR

RBI MPC Meet: दिसंबर की मीटिंग में MPC ने CRR घटाकर 4% कर दिया था। कटौती से पहले CRR 4.5% था। CRR किसी बैंक की कुल जमा राशि का वह प्रतिशत है, जिसे बैंक को लिक्विड कैश में RBI के पास रिजर्व के तौर पर रखना होता है। CRR को एडजस्ट करके, RBI लिक्विडिटी और उधार को कंट्रोल कर सकता है। उधार को रोकने के लिए महंगाई के दौरान इसे बढ़ा सकता है, वहीं उधार और अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए धीमी ग्रोथ के वक्त इसे कम कर सकता है।

FEBRUARY 07, 2025 8:43 AM IST

RBI Policy Live: रेपो रेट 6.25% होने की उम्मीद

RBI MPC Meet: DBS ग्रुप रिसर्च की वरिष्ठ अर्थशास्त्री राधिका राव का कहना है, "हमें उम्मीद है कि एमपीसी रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती करके इसे 6.25 प्रतिशत पर लाने के पक्ष में मतदान करेगी।" उद्योग मंडल एसोचैम ने भी कहा कि पॉलिसी रेट में कटौती करके इसे 6.25 प्रतिशत पर लाने की बड़े पैमाने पर उम्मीदें हैं।

FEBRUARY 07, 2025 8:37 AM IST

RBI Policy Live: GDP आंकड़ों पर रहेगी नजर

RBI MPC Meet: चालू वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर में धीमी वृद्धि और पहले एडवांस एस्टिमेट के कम रहने के बाद RBI के जीडीपी ग्रोथ अनुमान आगामी मौद्रिक नीति के लिए महत्वपूर्ण फोकस एरिया बन गए हैं। 6 दिसंबर 2024 को केंद्रीय बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2025 के लिए अपने जीडीपी ग्रोथ फोरकास्ट को 7.2% से घटाकर 6.6% कर दिया था। Q3FY25 अनुमान को 7.4% से घटाकर 6.8% और Q4FY25 के लिए अनुमान को 7.4% से घटाकर 7.2% तक एडजस्ट किया। इसके अलावा Q1FY26 के लिए ग्रोथ फोरकास्ट को 7.3% से संशोधित कर 6.9% कर दिया। FY26 की सितंबर तिमाही के लिए अनुमान को घटाकर 7.3% कर दिया गया।

FEBRUARY 07, 2025 8:26 AM IST

RBI Policy Live: गोल्डमैन सैक्स को 25 बेसिस पॉइंट्स की कटौती का अनुमान

RBI MPC Meet: गोल्डमैन सैक्स के एनालिस्ट्स ने बढ़ती वैश्विक अस्थिरता से निपटने की जरूरत का हवाला देते हुए रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट्स यानि 0.25 प्रतिशत की कटौती की उम्मीद जताई है। फर्म आर्थिक स्थिरता के लिए दर में कटौती को जरूरी मानती है। रुपये में गिरावट पर कमेंट करते हुए गोल्डमैन सैक्स इंडिया के अर्थशास्त्री शांतनु सेनगुप्ता ने रेट कट को आवश्यक मैक्रोइकोनॉमिक करेक्शन बताया।

FEBRUARY 07, 2025 8:18 AM IST

RBI Policy Live: RBI के लिक्विडिटी उपायों पर फोकस

RBI MPC Meet: एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 27 जनवरी को RBI द्वारा लिक्विडिटी बढ़ाने के फैसले से फरवरी की मौद्रिक नीति समिति की बैठक में दरों में कटौती की उम्मीदें बढ़ गई हैं। घरेलू स्तर पर बैंकों के लिए कैश की तंग स्थिति को देखते हुए रिजर्व बैंक ने 27 जनवरी को बैंकों में 1.5 लाख करोड़ रुपये की नकदी डालने के उपायों की घोषणा की।

FEBRUARY 07, 2025 8:12 AM IST

RBI Monetary Policy Live: कितने अनुभवी हैं संजय मल्होत्रा

RBI MPC Meet: केंद्र सरकार में रेवेन्यू सेक्रेटरी रह चुके संजय मल्होत्रा को RBI का 26वां गवर्नर नियुक्त किया गया है। मल्होत्रा के पास फाइनेंस, पावर, आईटी, टैक्सेशन और माइंस समेत विभिन्न सेक्टर्स में 33 साल से भी ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने केंद्र और राज्य, दोनों स्तरों पर सीनियर पोजिशंस पर काम किया है। संजय मल्होत्रा 1990 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया हुआ है। साथ ही प्रिंस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक पॉलिसी में मास्टर्स हैं। मल्होत्रा दिसंबर 2022 में रेवेन्यू सेक्रेटरी बने। उससे पहले वह डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज में सेक्रेटरी थे।

FEBRUARY 07, 2025 8:07 AM IST

RBI Monetary Policy Live: क्या कहता है रॉयटर्स का पोल

RBI MPC Meet: रॉयटर्स के पोल में 70% से अधिक रिस्पोंडेंट्स ने अनुमान जताया कि RBI अपनी 5-7 फरवरी की मीटिंग के खत्म होने पर रेपो रेट को 25 बेसिस पॉइंट घटाकर 6.25 प्रतिशत कर देगा। वहीं अन्य लोगों का अनुमान था कि लक्ष्य से ऊपर महंगाई के कारण रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं होगा।

FEBRUARY 07, 2025 8:03 AM IST

RBI Monetary Policy Live: थोक महंगाई की स्थिति

दिसंबर 2024 में थोक महंगाई बढ़कर 2.37 प्रतिशत हो गई। हालांकि, खानेपीने की कीमतों में कमी आई। नवंबर 2024 में थोक महंगाई 1.89 प्रतिशत और दिसंबर 2023 में 0.86 प्रतिशत रही थी। खानेपीने की चीजों की थोक महंगाई दिसंबर 2024 में घटकर 8.47 प्रतिशत रह गई, जबकि नवंबर में यह 8.63 प्रतिशत थी। सब्जियों की महंगाई नवंबर के 28.57 प्रतिशत के मुकाबले दिसंबर में 28.65 प्रतिशत रही।

FEBRUARY 07, 2025 7:55 AM IST

RBI Monetary Policy Live: दिसंबर में 4 महीने के लो पर आई खुदरा महंगाई

दिसंबर 2024 में खुदरा महंगाई घटकर 4 महीनों के निचले स्तर 5.22 प्रतिशत पर आ गई। नवंबर में यह 5.48 प्रतिशत और दिसंबर 2023 में 5.69 प्रतिशत रही थी। दिसंबर 2024 में खाने पीने की चीजों की खुदरा महंगाई घटकर 8.39 प्रतिशत रह गई। नवंबर में यह 9.04 प्रतिशत और दिसंबर, 2023 में 9.53 प्रतिशत थी। RBI मौद्रिक नीति तैयार करते समय मुख्य रूप से खुदरा महंगाई को ध्यान में रखता है। अभी जनवरी 2025 का महंगाई का डेटा जारी नहीं हुआ है।

FEBRUARY 07, 2025 7:48 AM IST

RBI Monetary Policy Live: नए गवर्नर की अध्यक्षता में पहली बैठक

इस बार की MPC मीटिंग भारतीय रिजर्व बैंक के नए गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में हो रही है। शक्तिकांत दास का RBI गवर्नर के तौर पर दूसरा कार्यकाल 12 दिसंबर 2024 को खत्म हो गया। दास 12 दिसंबर, 2018 से RBI के गवर्नर थे। उनकी जगह केंद्र सरकार में रेवेन्यू सेक्रेटरी रह चुके संजय मल्होत्रा ने ली है। मल्होत्रा ने 11 दिसंबर 2024 से RBI के 26वें गवर्नर के तौर पर जिम्मेदारी संभाली है। उनकी यह नियुक्ति 3 साल के लिए है।

FEBRUARY 07, 2025 7:40 AM IST

RBI Monetary Policy Live: FD रेट्स पर असर

रेपो रेट में बदलाव से FD की ब्याज दरें भी प्रभावित होती हैं। रेपो रेट बढ़ने पर लोन महंगे होने से इन्हें अवेल किए जाने में गिरावट आती है। ऐसे में बैंक लिक्विडिटी बढ़ाने के लिए FD पर ज्यादा ब्याज की पेशकश कर इन्हें आकर्षक बनाते हैं ताकि लोगों की ओर से जमा बढ़े। वहीं रेपो रेट में कटौती होने पर बैंकों में पर्याप्त लिक्विडिटी होती है। लिहाजा ज्यादा ब्याज की पेशकश कर ज्यादा जमा हासिल की जरूरत नहीं रहती है। इसलिए रेपो रेट घटने से FD पर ब्याज घटने की संभावना रहती है।

FEBRUARY 07, 2025 7:32 AM IST

RBI Monetary Policy Live: रेपो रेट बदलने से कैसे प्रभावित होती है लोन की किस्त

रेपो रेट वह दर है, जिस पर RBI, बैंकों को कर्ज देता है। ऐसे में अगर रेपो रेट में बढ़ोतरी होती है तो बैंकों के लिए RBI से लोन लेना महंगा हो जाता है। इसकी भरपाई के लिए वे लोन की ब्याज दरों में बढ़ोतरी करते हैं और ग्राहकों के लिए लोन महंगे हो जाते हैं। वहीं रेपो रेट घटने पर बैंकों को RBI से सस्ते में लोन मिलता है। इसका फायदा ग्राहकों को देने के लिए बैंक, लोन की ब्याज दरों में कटौती करते हैं।

FEBRUARY 07, 2025 7:26 AM IST

RBI Monetary Policy Live: कितने बजे आएंगे MPC मीटिंग के नतीजे

भारतीय रिजर्व बैंक के नए गवर्नर संजय मल्होत्रा सुबह 10 बजे मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग के नतीजों का ऐलान करेंगे। रेपो रेट पर रुख के साथ-साथ GDP ग्रोथ और महंगाई के अनुमान भी पेश किए जाएंगे। हम मनीकंट्रोल पर आपको इस घोषणा से लगातार लेटेस्ट अपडेट देते रहेंगे।

FEBRUARY 07, 2025 7:12 AM IST

RBI Monetary Policy Live: फरवरी और अप्रैल दोनों में हो सकता है रेट कट!

SBI के आर्थिक विभाग की रिसर्च रिपोर्ट में कहा गया है कि फरवरी के बाद अप्रैल में भी रेपो रेट में कटौती हो सकती है। इन दो राउंड में पॉलिसी रेट को कुल 0.75 प्रतिशत घटाया जा सकता है। कटौती का दूसरा दौर अक्टूबर, 2025 से शुरू हो सकता है और इस बीच रेपो रेट जस की तस रह सकती है।

FEBRUARY 07, 2025 7:06 AM IST

RBI Monetary Policy Live: रुपये की वजह से टल भी सकता है रेट कट

इक्रा की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर का मानना है कि वर्तमान स्थिति फरवरी, 2025 की मौद्रिक नीति समीक्षा में दर में कटौती के पक्ष में है। लेकिन रुपये में कमजोरी पॉलिसी रेट में कटौती को अप्रैल, 2025 तक टाल भी सकती है। हाल ही में वित्त सचिव तुहिन कांत पांडेय ने कहा कि देश की करेंसी रुपये की वैल्यू को लेकर कोई चिंता नहीं है। RBI इसकी अस्थिरता को संभाल रहा है।

FEBRUARY 07, 2025 7:03 AM IST

RBI Monetary Policy Live: बैंक ऑफ बड़ौदा के अर्थशास्त्री को क्या उम्मीद

बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य अर्थशास्त्री मदन सबनवीस का मानना है कि इस बार रेपो रेट में कटौती की संभावना है। एक वजह है कि RBI पहले ही नकदी बढ़ाने के उपायों की घोषणा कर चुका है। दूसरी वजह यह है कि केंद्रीय बजट के जरिए प्रोत्साहन दिया गया है और इसे सपोर्ट करने के लिए रेपो रेट को कम करना उचित जान पड़ता है।

FEBRUARY 07, 2025 6:54 AM IST

RBI Monetary Policy Live: एक्सपर्ट्स को क्या उम्मीद

मौजूदा स्थितियों को देखते हुए एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि इस बार मौद्रिक नीति समिति रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह बजट में खपत को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों को मजबूती देगा। बता दें कि सरकार ने बजट 2025 में नई आयकर व्यवस्था के तहत 12 लाख रुपये तक की सालाना टैक्सेबल इनकम को टैक्स फ्री बना दिया है। ऐसा रिबेट की मदद से किया जा सकेगा। बेसिक टैक्स एग्जेंप्शन ​लिमिट को बढ़ाकर 4 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा टैक्स स्लैब में भी बदलाव किए गए हैं। सीनियर सिटीजन के लिए ब्याज आय के मामले में टैक्स से छूट की लिमिट को बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया गया है।

FEBRUARY 07, 2025 6:54 AM IST

RBI Monetary Policy Live: फरवरी 2023 में आखिरी बार बदली थी रेपो रेट

MPC ने कोविड काल के बीच मई, 2020 में रेपो रेट को 0.40 प्रतिशत घटाकर 4 प्रतिशत किया था। इसके बाद मई 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध को देखते हुए रेपो रेट में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू किया गया और आखिरी बार रेपो रेट में बढ़ोतरी फरवरी, 2023 में की गई। तब से लेकर अब तक यानि लगातार 11 पॉलिसी मीटिंग में इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। वर्तमान में रेपो रेट 6.5 प्रतिशत है।

FEBRUARY 07, 2025 6:54 AM IST

RBI Monetary Policy Live: रेपो रेट पर फैसला आज

मनीकंट्रोल के लाइवब्लॉग में आपका स्वागत है। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति यानि MPC की 5 फरवरी से शुरू हुई द्विमासिक रिव्यू मीटिंग के नतीजे आज 7 फरवरी को सामने आने वाले हैं। रेपो रेट पर फैसले का सभी को इंतजार है। रेपो रेट वह दर है जिस पर RBI, बैंकों को कर्ज देता है।