RBI Policy: बाजार में आज सिक्कों की किल्लत सी हो गई है और सामानों की खरीदारी के बाद बचे हुए पैसों के बदले में दुकानदार टॉफी पकड़ा दे रहे हैं। हालांकि अब जल्द ही इस समस्या का समाधान होने वाला है। केंद्रीय बैंक आरबीआई क्यूआर कोड पर आधारित कॉइन वेंडिंग मशीन लॉन्च करने वाला है। इसे परीक्षण के तौर पर पहले देश के 12 शहरों के 19 स्थानों पर बड़े बैंकों के साथ साझेदारी में लॉन्च किया जाएगा। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास (RBI Governor Shaktikanta Das) का कहना है कि पायलट प्रोजेक्ट के मिले रिजल्ट्स के आधार पर इन मशीनों के जरिए सिक्कों को लेकर बैंकों को दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
आरबीआई गवर्नर ने एमपीसी बैठक खत्म होने के बाद इसकी जानकारी दी है। क्यू कोड आधारित कॉइन वेंडिंग मशीन्स (Coin Vending Machines) के अलावा आरबीआई गवर्नर ने विदेशी यात्रियों को यूपीआई के जरिए दुकानदारों को पेमेंट करने की मंजूरी देने का प्रस्ताव रखा है।
कैसे काम करेगी Coin Vending Machines
कॉइन वेंडिंग मशीन्स ऑटोमैटिक मशीन्स होती हैं जो बैंक नोट्स की बजाय सिक्के निकालती हैं। आरबीआई गवर्नर के मुताबिक इसे यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए बैंक खाते से जोड़ा जाएगा। इसका मतलब है कि इस मशीन से सिक्के निकालने के लिए क्यूआर कोड स्कैन करना होगा और फिर यूपीआई के जरिए खाते से पैसे कटेंगे और उतने मूल्य के सिक्के बाहर निकलेंगे।
कस्टमर्स अपनी मर्जी से जितनी चाहे और जिस रुपये का सिक्का निकालना चाहें, इसे चुन सकेंगे। इससे पहले कैश-बेस्ड कॉइन वेंडिंग मशीन का चलन था जिसमें नोट के बदले सिक्के निकाले जाते थे लेकिन अब सिर्फ क्यूआर कोड से काम चल जाएगा।
RBI MPC में और क्या अहम एलान
आरबीआई ने आज तीनों की मौद्रिक नीतियों के समिति (MPC) की बैठक समाप्त होने के बाद आरबीआई गवर्नर ने रेपो रेट में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी का एलान किया। यह नीतिगत दरों को लेकर इस साल का पहला और चालू वित्त वर्ष 2022-23 का आखिरी एलान रहा। वहीं केंद्रीय बैंक ने पिछले साल मई 2022 से लेकर अब तक छह बार में रेपो रेट को 2.50 फीसदी बढ़ा दिया है।