Jio Bharat phone: रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम कंपनी जियो ने Jio Bharat Phone लॉन्च कर दिया है। इसकी कीमत 999 रुपए है। इसका बीटा ट्रायल 7 जुलाई से शुरू होगा। इस ट्रायल पहले 10 लाख लोगों पर किया जाएगा। जियो की तरफ से जारी एक प्रेस रिलीज में बताया गया है कि देशभर के 6500 तहसील में बीटा ट्रायल किया जाएगा।
जियो ने बताया कि इस फोन का बेसिक रिचार्ज प्लान 123 रुपए मंथली होगा। इसमें अनलिमिटेड वॉयस कॉल और 14GB डेटा मिलेगा। जबकि दूसरे ऑपरेटर्स यही प्लान 179 रुपए में दे रहे हैं। इस 179 रुपए में वॉयस कॉल और सिर्फ 2GB डेटा मिल रहा है।
जियो भारत फोन का एनुअल प्लान 1234 रुपए का आएगा। इसमें 168 GB का डेटा प्लान (हर दिन 0.5 GB) मिलेगा। कंपनी का दावा है कि यह दूसरे ऑपरेटर के प्लान से 25 फीसदी सस्ता है। दूसरे ऑपरेटर का एनुअल प्लान 1799 रुपए का है जिसमें वॉयस कॉल और 24GB डेटा मिलता है।
देश का सबसे सस्ता इंटरनेट वाला फोन बना Jio Bharat Phone
जियो के रिलीज के मुताबिक, इंटरनेट से लैस यह देश का सबसे सस्ता फोन है। कंपनी ने यह भी बताया कि जो लोग ये हैंडसेट खरीदेंगे उन्हें सामान्य फीचर फोन के मुकाबले 30 फीसदी सस्ता मंथली प्लान और 7 गुना ज्यादा डेटा मिलेगा।
जियो ने कहा, "यह फोन 2G-मुक्स भारत वर्जन" के साथ लॉन्च हुआ है। और इसका मकसद देश के 25 करोड़ फीचर फोन यूजर्स को इंटरनेट से लैस फोन मुहैया कराना है। कंपनी ने बताया, जियो भारत प्लेटफॉर्म के जरिए इंटरनेट से लैस एंट्री लेवल फोन मुहैया कराने और नेटवर्क की क्षमताओं का फायदा उठाया गया है।
रिलायंस रिटेल के अलावा दूसरे फोन ब्रांड्स जैसे कार्बन भी इस प्लैटफॉर्म का इस्तेमाल करते जियो भारत फोन बनाएगा।
रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा, "भारत में अभी भी 25 करोड़ ऐसे लोग हैं जो 2G काल में फंसे हुए हैं। ये लोग ऐसे समय में भी इंटरनेट के बेसिक फीचर का इस्तेमाल कर रहे हैं जब दुनिया 5G की तरफ जा रही है।"
आकाश अंबानी ने कहा, "6 साल पहले जब जियो लॉन्च हुआ था तब हमने यह साफ कर दिया था कि हर भारतीय तक इंटरनेट पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। टेक्नोलॉजी सिर्फ कुछ लोगों तक सीमित नहीं रहेगी। नया जियो भारत फोन इसी दिशा में अगला कदम है।"
हालांकि कंपनी ने अभी Jio Bharat Phone के स्पेसिफिकेशन के बारे में कुछ खास नहीं बताया है। शुरुआती रिलीज से यह पता चला है कि इस फोन में कैमरा होगा। इसके साथ ही यूजर्स JioPay से UPI पेमेंट कर सकते हैं। इस फोन में पहले से ही जियो सिनेमा और जियो सावन के फीचर मिलेंगे।
(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल Network 18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क 18 पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का नियंत्रण है और इसकी एकमात्र बेनिफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)