Mahindra Finance को RBI से बड़ी राहत, थर्ड पार्टी एजेंट्स के ज़रिए लोन रिकवरी पर लगा बैन हटा

RBI ने थर्ड पार्टी एजेंट्स के माध्यम से लोन की रिकवरी को लेकर महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेस पर लगाए गए बैन को हटा लिया है। MMFSL ने कहा कि कंपनी ने RBI को यह भरोसा दिलाया है कि वह रिकवरी प्रैक्टिसेज और आउटसोर्सिंग अरेंजमेंट्स को बेहतर करेगी

अपडेटेड Jan 04, 2023 पर 8:14 PM
महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेस (MMFSL) को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से बड़ी राहत मिली है।

Mahindra & Mahindra Financial Services: महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेस (MMFSL) को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से बड़ी राहत मिली है। RBI ने थर्ड पार्टी एजेंट्स के माध्यम से लोन की रिकवरी को लेकर महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेस पर लगाए गए बैन को हटा लिया है। कंपनी ने आज 4 जनवरी को यह जानकारी दी। MMFSL ने कहा कि कंपनी ने RBI को यह भरोसा दिलाया है कि वह रिकवरी प्रैक्टिसेज और आउटसोर्सिंग अरेंजमेंट्स को बेहतर करेगी। कंपनी के इस आश्वासन के बाद आरबीआई ने राहत देने का निर्णय लिया। M&M फाइनेंशियल ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि कंपनी थर्ड पार्टी एजेंटों को ऑनबोर्ड करने की प्रक्रिया को कड़ा करने और अपने बोर्ड द्वारा अप्रुव्ड एक्शन प्लान के अनुसार जवाबदेही फ्रेमवर्क को मजबूत करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

अपने कर्मचारियों के जरिए वसूली की थी अनुमति

विज्ञप्ति में कहा गया है, "आरबीआई ने 4 जनवरी 2023 के अपने पत्र के माध्यम से कंपनी पर लगाए गए प्रतिबंधों को तत्काल प्रभाव से हटाने के अपने फैसले की जानकारी दी है।" सितंबर में, आरबीआई ने M&M फाइनेंशियल को आउटसोर्सिंग व्यवस्था के माध्यम से किसी भी वसूली या कब्जे की गतिविधि को तुरंत बंद करने के लिए कहा था। कंपनी को अपने स्वयं के कर्मचारियों के माध्यम से वसूली या जब्ती प्रक्रियाओं को करने की अनुमति दी गई थी। केंद्रीय बैंक ने कहा था कि यह कार्रवाई एमएंडएम फाइनेंशियल के आउटसोर्सिंग गतिविधियों के मैनेजमेंट में देखी गई कुछ चिंताओं पर आधारित थी।


हजारीबाग की घटना के बाद लगाया गया था बैन

झारखंड के हजारीबाग में एक 27 वर्षीय गर्भवती महिला की कथित तौर पर एक ट्रैक्टर के पहियों के नीचे कुचल कर मौत हो गई थी। इस घटना के बाद आरबीआई ने यह एक्शन लिया था और M&M फाइनेंशियल पर वाहनों को फिर से कब्जे में लेने के लिए थर्ड पार्टी एजेंट्स की सेवा लेने पर पाबंदी लगा दी थी। यह लोन पीड़िता के विकलांग पिता के नाम पर दिया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।