Samsung : अधिकारियों को हफ्ते में एक दिन अधिक काम करने का आदेश, कमजोर कमाई के चलते कंपनी ने लिया फैसला

दक्षिण कोरियाई कंपनी Samsung ने पिछले एक दशक से भी अधिक समय में अपनी सबसे कमजोर कमाई दर्ज की है। इसकी भरपाई के लिए अब कंपनी ने अपने एग्जीक्यूटिव से अधिक काम लेने का निर्णय लिया है। कंपनी ने अधिकारियों को हफ्ते में एक दिन अधिक यानी 6 दिन काम करने के लिए कहा है

अपडेटेड Apr 20, 2024 पर 2:43 PM
सैमसंग ने अपने अधिकारियों को हफ्ते में 6 दिन काम करने का आदेश दिया है।

स्मार्टफोन बनाने वाली दिग्गज कंपनी सैमसंग (Samsung) ने अपने अधिकारियों को हफ्ते में 6 दिन काम करने का आदेश दिया है। दरअसल, दक्षिण कोरियाई कंपनी ने पिछले एक दशक से भी अधिक समय में अपनी सबसे कमजोर कमाई दर्ज की है। इसकी भरपाई के लिए अब कंपनी ने अपने एग्जीक्यूटिव से अधिक काम लेने का निर्णय लिया है। कंपनी ने अधिकारियों को हफ्ते में एक दिन अधिक यानी 6 दिन काम करने के लिए कहा है, जबकि पहले इन्हें हफ्ते में 5 दिन ही काम करना होता था। दक्षिण कोरिया की डेली न्यूजपेपर कोरिया इकोनॉमिक डेली ने यह जानकारी दी है।

शनिवार या रविवार में से किसी एक दिन को चुनने का होगा विकल्प 

6-डे वर्क वीक का यह नया नियम सभी डिवीजन के एग्जीक्यूटिव के लिए लागू किया जाएगा। हालांकि, इन अधिकारियों के पास काम करने के लिए शनिवार या रविवार में से किसी एक दिन को चुनने का विकल्प होगा। सैमसंग ग्रुप के एक एग्जीक्यूटिव ने कोरियाई आउटलेट को बताया कि सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सहित प्रमुख यूनिट्स का प्रदर्शन 2023 में उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, जिसके चलते 6-डे वर्क वीक की शुरुआत की गई है।


द कोरिया इकोनॉमिक डेली के अनुसार नया शेड्यूल टेक्नोलॉजी डिवीजन के लिए तुरंत लागू हो गया है। उम्मीद है कि कंपनी का फाइनेंस डिवीजन इसे जल्द ही लागू करेगा। इस बीच कई अन्य डिवीजन जनवरी से अपनी मर्जी से हफ्ते में 6 दिन काम कर रहे हैं।

हालिया तिमाही में 73 परसेंट घटा मुनाफा

कंपनी की अर्निंग रिपोर्ट में सैमसंग की स्थिति को "इमरजेंसी मोड" बताया गया है। कंपनी के नेट प्रॉफिट में हालिया तिमाही में 73 परसेंट की गिरावट आई है। कंपनी के मुनाफे में इस गिरावट की वजह तेल की बढ़ती कीमतें, हाई बॉरोइंग कॉस्ट और जियो-पॉलिटिकल फैक्टर्स हैं। पिछले साल इसका ऑपरेटिंग प्रॉफिट 85% गिर गया, जिससे यह 2009 के बाद से सैमसंग के लिए सबसे कमजोर वर्ष बन गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।