SBI Card Q3 results : एसबीआई कार्ड एंड पेमेंट सर्विसेज ने आज 25 जनवरी को मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। FY24 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 8 फीसदी बढ़कर 549 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 509 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। इस बीच आज कंपनी के शेयरों में 1.84 फीसदी की तेजी आई है और यह स्टॉक 759.85 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
वित्त वर्ष 2024 की तीसरी तिमाही में इसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 30 फीसदी बढ़कर 4,742 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही में 3,656 करोड़ था। एसबीआई कार्ड ने कहा कि उसकी ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (GNPA) 31 दिसंबर 2023 तक ग्रॉस एडवांस का 2.64 फीसदी है, जो 31 मार्च 2023 तक 2.35 फीसदी पर था। इसके अलावा, 31 दिसंबर 2023 तक नेट एनपीए 0.96 फीसदी पर है, जबकि 31 मार्च 2023 तक यह 0.87 फीसदी था।
एसबीआई कार्ड की नॉन-इंटरेस्ट इनकम (फीस, कमीशन और अन्य) वित्त वर्ष 2024 की तीसरी तिमाही में 34 फीसदी बढ़कर 2,539 करोड़ रुपये हो गई, जो FY23 की तीसरी तिमाही में 1898 करोड़ रुपये थी।
31 दिसंबर 2023 तक एसबीआई कार्ड की कुल बैलेंस शीट का साइज 55,576 करोड़ रुपये है, जबकि 31 मार्च 2023 तक यह 45,546 करोड़ रुपये था। हालांकि, FY24 कार्ड-इन-फोर्स के लिए SBI कार्ड मार्केट शेयर 18.9 फीसदी है, और इंडस्ट्री में 18.3 फीसदी खर्च करता है। एसबीआई कार्ड के नए अकाउंट्स की वॉल्यूम वित्त वर्ष 2024 की तीसरी तिमाही में 33 फीसदी कम होकर 1,096,000 हो गई, जो वित्त वर्ष 2023 की तीसरी तिमाही में 1,634,000 थी।