Credit Cards

और उलझने वाली है Sona Comstar के चेयरमैन संजय कपूर की मौत की गुत्थी! मां रानी कपूर ने की जांच की मांग

Sunjay Kapur Death Mystery: यह मांग तब की गई है, जब कपूर के पीछे छूट गए 30000 करोड़ रुपये के बिजनेस एंपायर को लेकर पारिवारिक विवाद छिड़ा हुआ है। रानी कपूर ने ब्रिटिश अधिकारियों को लेटर लिखकर संजय की मौत की गहराई से जांच करने की मांग की है

अपडेटेड Aug 04, 2025 पर 11:12 PM
Story continues below Advertisement
संजय कपूर 12 जून 2025 को इस दुनिया को अलविदा कह गए।

गाड़ियों के लिए कलपुर्जे बनाने वाली सोना BLW प्रिसिजन फोर्जिंग्स लिमिटेड (Sona Comstar) के चेयरमैन संजय कपूर 12 जून 2025 को इस दुनिया को अलविदा कह गए। लंदन में पोलो खेलते समय उनका निधन हो गया। शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा गया कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। बाद में ऐसी खबरें आईं कि पोलो खेलते वक्त उन्होंने गलती से एक मधुमक्खी निगल ली, जिसके कारण उन्हें एलर्जी हुई और दिल का दौरा पड़ा।

अब संजय कपूर की मां रानी कपूर ने उनकी की मौत की जांच किए जाने की मांग की है। लगता है कि संजय कपूर की मौत की गुत्थी और उलझने वाली है। यह मांग तब की गई है, जब कपूर के पीछे छूट गए 30000 करोड़ रुपये के बिजनेस एंपायर को लेकर पारिवारिक विवाद छिड़ा हुआ है। News18 को सूत्रों से पता चला है कि रानी कपूर ने ब्रिटिश अधिकारियों को लेटर लिखकर संजय की मौत की गहराई से जांच करने की मांग की है।

'अब भी नहीं जानती मेरे बेटे के साथ क्या हुआ'


इससे पहले रानी कपूर ने कहा था कि वह परिवार की विरासत को खत्म नहीं होने देंगी। वह बूढ़ी हो रही हैं और जाने से पहले सब ठीक करना चाहती हैं। हाल में न्यूज एजेंसी ANI के साथ एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, "मुझे अब भी नहीं पता कि मेरे बेटे के साथ क्या हुआ। मैं बूढ़ी और कमजोर हो सकती हूं, लेकिन जब सोमा कॉमस्टार की शुरुआत हुई थी, उस वक्त की मेरे पति के साथ की मेरी यादें अब भी ताजा हैं। मुझे सोना कॉमस्टार के शुरुआती दिन याद हैं। इसे संजीदगी, त्याग और मोहब्बत से खड़ा किया गया था। मैं दुनिया की यह बताना चाहती हूं कि हमारे परिवार की विरासत खत्म नहीं होनी चाहिए। इसे उसी तरह से बनाए रखना होगा जिस तरह मेरे पति चाहते थे।"

रानी कपूर की Sona Comstar में डायरेक्टली या इनडायरेक्टली कोई भूमिका नहीं

इससे पहले सोना समूह की पूर्व चेयरपर्सन और कंपनी के फाउंडर सुरिंदर कपूर की पत्नी रानी कपूर ने आरोप लगाया था कि जहां एक ओर परिवार संजय की मौत पर शोक मना रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग कंट्रोल हासिल करने और पारिवारिक विरासत हड़पने की कोशिश में हैं। रानी कपूर ने दावा किया कि भावनात्मक तनाव के दौरान उनसे जबरदस्ती डॉक्युमेंट साइन कराए गए और उन्हें उनके वित्तीय खातों की एक्सेस नहीं दी। लेकिन सोना कॉमस्टार ने कहा है कि संजय कपूर के निधन के बाद रानी कपूर से किसी भी डॉक्युमेंट पर साइन नहीं लिए गए हैं।

रानी कपूर ने यह भी दावा किया कि उनके दिवंगत पति सुरिंदर कपूर की 30 जून, 2015 की वसीयत के हिसाब से वह उनकी संपत्ति की एकमात्र लाभार्थी हैं। इस तरह से सोना समूह की कंपनियों में वह एक प्रमुख शेयरहोल्डर हैं। लेकिन सोना कॉमस्टार ने कहा कि रानी कपूर की सोना कॉमस्टार में डायरेक्टली या इनडायरेक्टली कोई भूमिका नहीं है, कम से कम 2019 से तो नहीं। वह न तो कंपनी की शेयरहोल्डर हैं, न ही डायरेक्टर हैं और न ही कोई अधिकारी हैं। इसलिए, कंपनी से जुड़े किसी भी मामले में उनका कोई अधिकार नहीं है।

Ather Energy Q1 Results: शुद्ध घाटा कम होकर रहा ₹178 करोड़, शेयर ने लगाई 20% की छलांग

प्रिया सचदेव कपूर बनीं नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर

सोना BLW प्रिसिजन फोर्जिंग्स के शेयरहोल्डर्स ने हाल ही में संजय की पत्नी प्रिया सचदेव कपूर को नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बनाने को मंजूरी दी है। प्रिया, संजय कपूर की तीसरी पत्नी हैं। 2017 में दोनों की शादी हुई। संजय कपूर, एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति भी थे। दोनों की शादी 2003 में हुई थी और 2016 में उनका तलाक हो गया। संजय की सबसे पहली पत्नी का नाम नंदिता महतानी है। दोनों की शादी साल 1996 से 2000 तक चली।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।