कॉफी हाउस चेन स्टारबक्स छंटनी कर रही है। अभी यह अमेरिकी कर्मचारियों तक ही सीमित है। लेकिन हो सकता है कि आगे चलकर अमेरिका के बाहर भी जॉब कट हों। फिलहाल कंपनी अपने क्षेत्रीय सपोर्ट ऑफिसेज में 300 अमेरिकी कॉरपोरेट कर्मचारियों को निकाल रही है। स्टारबक्स टिकाऊ, मुनाफे वाली ग्रोथ की राह पर लौटना चाहती है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अमेरिका में अपने कुछ क्षेत्रीय सपोर्ट ऑफिसेज को एक साथ मिला रही है और अटलांटा, बरबैंक, शिकागो और डलास सहित कुछ कार्यालयों को बंद कर रही है।
कंपनी का यह भी कहना है कि वह अपने अंतरराष्ट्रीय सहायता संगठनों का भी रिव्यू कर रही है। स्टारबक्स का अनुमान है कि अमेरिका के बाहर भी नौकरियों में और कटौती की जा सकती है। कंपनी के मुताबिक, ये कदम फोकस को और तेज करने, प्राथमिकताएं तय करने, जटिलता को कम करने और लागत घटाने के चल रहे प्रयासों का हिस्सा हैं। इन कदमों का उसके कॉफीहाउस पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
स्टारबक्स का अनुमान है कि छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों के लिए सेवरेंस बेनिफिट्स (छंटनी पर मिलने वाला मुआवजा) पर लगभग 12 करोड़ डॉलर का खर्च आएगा। कंपनी अपनी कुछ अचल संपत्तियों (रियल एस्टेट) की बुक वैल्यू में 28 करोड़ डॉलर की कटौती भी कर रही है। ये संपत्तियां मुख्य रूप से उसके रिजर्व और रोस्टरी लोकेशन, और साथ ही कुछ नॉन-रिटेल सपोर्ट फैसिलिटीज से संबंधित हैं।
बढ़ गई है Starbucks की लागत
हाल की तिमाहियों में स्टारबक्स की लागत में बढ़ोतरी हुई है। इसकी वजह है कि CEO ब्रायन निकोल एक ऐसी सुधार रणनीति पर काम कर रहे हैं, जिसका फोकस कॉफीहाउस के संचालन पर है। इस रणनीति के तहत अतिरिक्त बैरिस्टा स्टाफ (कॉफी बनाने वाले कर्मचारियों) की भर्ती पर भारी निवेश किया गया है। 2024 के आखिर में यह सुधार प्रक्रिया शुरू हुई थी। तब से कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन गिरकर लगभग आधा रह गया है।
इतना ही नहीं जब से यह सुधार प्रक्रिया शुरू हुई है, तब से स्टारबक्स के कर्मचारियों को छंटनी के कई दौरों से गुजरना पड़ा है। इनमें पिछले साल फरवरी में घोषित 1,100 कॉरपोरेट कर्मचारियों की छंटनी भी शामिल है। पिछले महीने जानकारी दी गई कि कंपनी ने दो साल से भी ज्यादा समय में अपनी सबसे मजबूत सेल्स ग्रोथ दर्ज की है।
अमेरिका के दक्षिण-पूर्व में बढ़ाएगी मौजूदगी, लगाएगी 10 करोड़ डॉलर
अप्रैल महीने में स्टारबक्स ने घोषणा की थी कि वह अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए 10 करोड़ डॉलर का निवेश कर रही है। इस विस्तार योजना में टेनेसी के नैशविले में एक नया सपोर्ट ऑफिस शुरू करना भी शामिल है। कंपनी को उम्मीद है कि अगले 5 वर्षों में इसमें 2,000 कर्मचारियों को एडजस्ट किया जा सकता है।