दिग्गज फिनटेक यूनिकॉर्न BharatPe ने कंप्लॉयंस और कॉरपोरेट गवर्नेंस से जुड़े कार्यों के लिए तीन टॉप एग्जेक्यूटिव की नियुक्तियां की है। कंपनी ने आज इसकी जानकारी दी है। जानकारी के मुताबिक अंबुज भल्ला को चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (CISO), राहुल भाटिया को इनटर्नल ऑडिट का प्रमुख और रविंदर ओबेरॉय को हेड ऑफ कंप्लॉयंस बनाया है। हालांकि अभी तक नए सीईओ की नियुक्ति नहीं हो सकी है। इस महीने की शुरुआत में सुहैल समीर ने कंपनी के सीईओ का पद छोड़ दिया था और कंपनी उनका रिप्लेसमेंट तलाश रही है। अंतरिम तौर पर मुख्य वित्तीय अधिकारी नलिन नेगी यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
भारतपे में आने से पहले भल्ला इंटरग्लोब एविएशन में साइबर सिक्योरिटी के प्रमुख थे, जहां उन्होंने कंपनी के पूरे नेटवर्क और सिस्टम सिक्योरिटी, डेटा प्रोटेक्शन, वल्नरेबिलिटी मैनेजमेंट, आइडेंटिटी और एक्सेस मैनेजमेंट जैसे सभी सिक्योरिटी से जुड़े कार्यों की निगरानी की। इससे पहले वह रिजर्व बैंक इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (ReBIT) में थे जहां उनका काम रिजर्व बैंक और इससे जुड़ी एंटिटीज की आईटी और साइबर सिक्योरिटी की जरूरतों को पूरा करना था। वह भारती एयरटेल में भी काम कर चुके हैं।
राहुल भाटिया के बारे में डिटेल्स
भारतपे में आने से पहले राहुल भाटिया एसएमई के लिए बनी फाइनेंशियल प्लेटफॉर्म Tide में रिस्क और कंप्लॉयंस का काम देख रहे थे। उन्होंने केपीएमजी और मैक्वायरी बैंक के साथ भी काम किया है। राहुल सीए हैं और श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स एलुमनी हैं। अपने कैरियर के दौरान उन्होंने PwC India (प्राइसवॉटरहाउसकूपर्स (नॉर्थ)) के लिए फाइनेंशियल सर्विसेज और रिस्क एडवायजरी सर्विसेज दी हैं। यहां उन्होंने बैंकों, एनबीएफसी और फिनटेक के लिए इंटर्नल, रिस्क और मैनेजमेंट ऑडिट को मैनेज किया।
रविंदर ओबेरॉय के बारे में डिटेल्स
भारतपे से जुड़ने से पहले रविंदर ओबेरॉय Aye Finance में वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर काम कर रहे थे। उनका काम ऑडिट, कंप्लॉयंस, विजिलेंस और फ्रॉड मैनेजमेंट से जुड़ा था। उन्होंने रेलिगेयर, जीई कैपिटल इंडिया, एबीएन एमरो बैंक और मैक्यू न्यूयॉर्क लाइफ इंश्योरेंस में कई भूमिकाओं में काम कर चुके हैं।