Exclusive: Unacademy ने जॉब मार्केट में मंदी के बीच Relevel के 50% कर्मचारियों को हटाया

Unacademy ने कर्मचारियों की छंटनी की है और कुछ 'अतिरिक्त' कर्मचारियों को आतंरिक रूप से Relevel से अनएकेडमी ग्रुप की दूसरी कंपनियों में ट्रांसफर किया गया है

अपडेटेड Aug 17, 2022 पर 10:05 PM
रीलवेल (Relevel), अनएकेडमी (Unacademy) का जॉब गारंटी प्रोग्राम वर्टिकल है

भारतीय एडटेक कंपनी अनएकेडमी (Unacademy) के जॉब गारंटी प्रोग्राम वर्टिकल, रीलवेल (Relevel) ने ग्लोबल लेवल पर जॉब मार्केट में मंदी के बीच पिछले दो से तीन महीनों में अपनी टीम की संख्या आधी कर 700 कर्मचारियों पर ला दी है। यह खबर ऐसे समय में आई है, जब सॉफ्टबैंक के निवेश वाली Unacademy पिछले कुछ समय से रीलवेल पर काफी बुलिश दिख रही थी।

Unacademy ने कर्मचारियों की छंटनी की है और कुछ 'अतिरिक्त' कर्मचारियों को आतंरिक रूप से Relevel से अनएकेडमी ग्रुप की दूसरी कंपनियों में ट्रांसफर किया गया है। मनीकंट्रोल को कम से तीन सूत्रों ने इस मामले की जानकारी दी है। अनएकेडमी ने इस खबर पर टिप्पणी करने से मना कर दिया।

Relevel में कर्मचारियों की छंटनी और ट्रासंफर ऐसे समय में हुई है, जब अनएकेडमी के को-फाउंडर और सीईओ गौरव मुंजाल ने हाल ही में कर्मचारियों को भेजे एक इंटरनल नोट में कहा था कि कंपनी में अब किसी तरह की छंटनी नहीं होगी और किसी टीम में अतिरिक्त कर्मचारी होने पर उन्हें दूसरे टीम में ट्रांसफर किया जाएगा।


यह भी पढ़ें- Exclusive: Wipro ने जून तिमाही के लिए मिड और सीनियर-लेवल कर्मचारियों का Variable Pay रोका, जानिए डिटेल

सूत्रों ने बताया कि कंपनी ने सेल्स, ऑपरेशन और ऑपरेशंस टीम में छंटनी की है। हालांकि प्रोडक्ट टीम में कोई कर्मचारी इस छंटनी से प्रभावित नहीं हुआ है। सूत्रों ने बताया कि आंतरिक ट्रांसफर भी इन्हीं टीम के कर्मचारियों का हुआ है।

Relevel एक टेक अपस्केलिंग प्रोग्राम है। कंपनी ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब Relevel के जरिए प्लेसमेंट की रफ्तार धीमी हुई है क्योंकि दुनिया भर की टेक कंपनियों ने इस समय मंदी की आशंका के बीच हायरिंग रोक दिया या सीमित कर दिया है।

एक सूत्र ने बताया, "Relevel ने पिछले 2 से 3 महीने में अपने कर्मचारियों की संख्या आधी कर ली है। कर्मचारियों की संख्या घटकर 700 पर आ गई है, जो पहले 1,500 थी।" उन्होंने बताया, "प्लेसमेंट की दर पिछले कुछ महीनों से लगातार घट रही है। ऐसे में कर्मचारियों के बीच एक डर का भाव है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।