ONDC नेटवर्क आज से बेंगलुरु के 16 इलाकों में हुआ लाइव

नेटवर्क के लिए पूरी तरह से काम करने के लिए हमें थोड़ा इंतजार करना होगा। बेंगलुरू के इस ट्रायल में Paytm, MyStore और Spice Money को बतौर बायर साइड ऐप जोड़ा गया है। इसका मतलब है कि यूजर्स इन ऐप पर साइन-अप कर इस नेटवर्क के जरिए ऑर्डर प्लेस कर सकते हैं

अपडेटेड Sep 30, 2022 पर 2:39 PM
बेंगलुरु में यूजर्स को इस बीटा टेस्टिंग में नेटवर्क से एक साथ नहीं जोड़कर चरणबद्ध तरीके से जोड़ा जाएगा।

ONDC का नेटवर्क 30 सितंबर को शुरू हो गया है। सबसे पहले इसे बेंगलुरु के 16 पिन कोड वाले इलाकों में शुरू किया गया है। Open Network for Digital Commerce (ONDC) के पहले चरण के ट्रायल में 200 से अधिक ग्रॉसरी स्टोर्स और रेस्टॉरेंट्स को इस नेटवर्क से जोड़ा गया है।

ONDC के सीईओ और एमडी T Koshy ने कहा, "अब तक पायलट प्रोग्राम के तहत यह नेटवर्क कुछ चुने हुए यूजर्स तक सीमित था। बेंगलुरु में इसकी बीटा टेस्टिंग का लॉन्च इसे पूरी तरह से लागू करने की दिशा में बड़ा कदम है। हम यूजर से मिले फीडबैक के आधार पर इस नेटवर्क को बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे।"

यह भी पढ़ें : US Embassy विजिटर और बिजनेस कैटेगरी में वीजा के 1,00,000 स्लॉट्स ओपन करेगा


उन्होंने कहा, "नेटवर्क के लिए पूरी तरह से काम करने के लिए हमें थोड़ा इंतजार करना होगा। लेकिन, Star Trek के लोकप्रिय डायलॉग की तरह हम ऐसी जगह जा रहे हैं, जहां पहले कोई नहीं गया है।" बेंगलुरू के इस ट्रायल में Paytm, MyStore और Spice Money को बतौर बायर साइड ऐप जोड़ा गया है। इसका मतलब है कि यूजर्स इन ऐप पर साइन-अप कर इस नेटवर्क के जरिए ऑर्डर प्लेस कर सकते हैं।

इस मामले से जुड़े लोगों ने बताया कि बेंगलुरु में यूजर्स को इस बीटा टेस्टिंग में नेटवर्क से एक साथ नहीं जोड़कर चरणबद्ध तरीके से जोड़ा जाएगा। अगले एक हफ्ते में कोटक महिंद्रा बैंक और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के भी इस नेटवर्क पर यूजर्स के लिए लाइव हो जाने की उम्मीद है।

11 सेलर-साइड-ऐप्स का रोस्टर ग्रॉसरी मर्चेंट्स, फूड एवं बेवरेज आउटलेट्स और कंज्यूमर पैकेंजिंग गुड्स (CPG) ब्रांड्स को होस्ट करेगा। इनमें यूनिलीवर्स यूशॉप, गोफ्रुगल, सेलरऐप, ग्रोथफॉल्कंस, एनस्टोर और इनोबिट्स कई ब्रांड्स शामिल होंगे।

सेलर ऑनबोर्डिंग प्लेटफॉर्म SellerApp के को-फाउंडर दिलीप वामनन ने कहा, "हमने बैक-एंड में चीजों को आसान बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। पिछली रात हमने पाया कि हमारा सर्वर अमेरिका में है, जिसकी वजह से लेटेंसी बढ़ी है। इसलिए हमें सर्वर को इंडिया शिफ्ट करना होगा। इससे हमें लेटेंसी को 300 मिलीसेकेंड्स से घटाकर 50 मिलीसेकेंड्स तक लाने में मदद मिलेगी। "

SellerApp ने इस नेटवर्क के सेलर साइड से बेंगलुरु के 50 पार्टिसिपेंट्स को जोड़ा है। इनमें 13 किराना स्टोर और सुपरमार्केट्स, 12 डायरेक्ट टू कॉमर्स ब्रांड्स शामिल हैं। इन ब्रांड्स में Kapiva, Boldcare, TrueNext और पतंजलि और P&G जैसे पांच सीपीजी ब्रांड्स शामिल हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।