Credit Cards

Startup Mahakumbh 2025: 'स्टार्टअप महाकुंभ' की वापसी! तारीख का ऐलान, ग्लोबल इनोवेशन और उद्यमियों के लिए नए युग की होगी शुरुआत

Startup Mahakumbh 2025: अपने पहले संस्करण की सफलता के आधार पर दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप इवेंट 'स्टार्टअप महाकुंभ' 3 से 5 अप्रैल, 2025 तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाला है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में आयोजित एक कार्यक्रम में इसकी घोषणा की गई

अपडेटेड Jan 17, 2025 पर 6:42 PM
Story continues below Advertisement
Startup Mahakumbh 2025: अप्रैल में शुरू होने वाले स्टार्टअप महाकुंभ में 2,500 से अधिक स्टार्टअप भाग लेंगे (फाइल फोटो)

Startup Mahakumbh 2025: दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप इवेंट 'स्टार्टअप महाकुंभ' का आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया गया है। अपने पहले संस्करण की सफलता के आधार पर इस साल 'स्टार्टअप महाकुंभ' 3 से 5 अप्रैल, 2025 तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाला है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में आयोजित एक कार्यक्रम में इसकी घोषणा की गई। 'स्टार्टअप महाकुंभ' इवेंट का उद्देश्य भारत के 'अमृत काल 2047' विजन के तहत इनोवेशन, आर्थिक विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। गोयल ने कहा कि 'स्टार्टअप महाकुंभ 2025' सबसे बड़ा स्टार्टअप कार्यक्रम होगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अप्रैल में शुरू होने वाले स्टार्टअप महाकुंभ में दुनियाभर के 2,500 से अधिक स्टार्टअप भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और अधिक निजी फाइनेंसिंग के साथ स्टार्टअप आंदोलन को गति मिलेगी। गोयल ने बताया कि इस साल का आयोजन और भी बड़ा होने वाला है। इसमें भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम को फिर से परिभाषित करने के लिए इनोवेटर्स, नीति निर्माता, निवेशक और उद्योग जगत के नेता एक ही छत के नीचे जुटेंगे।

'स्टार्टअप इंडिया' के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, "स्टार्टअप महाकुंभ के दूसरे संस्करण में उद्यमी, नीतिकार, उद्योग के नेता और स्टार्टअप इकोसिस्टम के अन्य प्रमुख हितधारक एक छत के नीचे जुटेंगे। यह कार्यक्रम भारत को दुनिया के सबसे बड़े और गतिशील स्टार्टअप इकोसिस्टम के रूप में स्थापित करने में योगदान देगा।"


इवेंट की बड़ी बातें

इस आयोजन का नेतृत्व FICCI, ASSOCHAM, IVCA और Bootstrap Advisory और Foundation द्वारा किया जा रहा है। SIDBI, GEM, ECGC और DPIIT को 'स्टार्टअप इंडिया' द्वारा समर्थन प्राप्त है। यह भारतीय स्टार्टअप क्षमता के वैश्विक प्रदर्शन का प्लेटफॉर्म बनेगा। क्षेत्रीय समावेश, शक्तिशाली इनोवेशन और सतत विकास पर जोर देगा। एक अधिकारी ने बताया कि इस आयोजन में करीब 3,000 स्टार्टअप, 500 से अधिक निवेशक और 50 देशों से उद्यमियों के भाग लेने की उम्मीद है। स्टार्टअप महाकुंभ जिले के स्तर पर भारत के 788 जिलों के उद्यमियों को अपने संसाधनों से जोड़ने का एक लॉन्चपैड बनकर उभरेगा।

'स्टार्टअप इकोसिस्टम में बदलने की दिशा में भारत'

पीयूष गोयल ने कहा, "हम भारत को दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम में बदलने की दिशा में काम कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य वैश्विक स्तर पर इनोशव और उद्यमिता को प्रेरित करना है। स्टार्टअप महाकुंभ का दूसरा संस्करण इसी भावना को दर्शाता है। यह उद्यमियों, उद्योग के नेताओं और नीति निर्माताओं को एक साथ लाकर सहयोग और परिवर्तनकारी विकास को बढ़ावा देता है। ऐसे प्रयास भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूत करने और आर्थिक उत्कृष्टता की यात्रा को तेज करने में सहायक होते हैं।"

ये भी पढ़ें- Russia-Ukraine War: यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूसी सेना की तरफ से लड़ रहे 12 भारतीय नागरिकों की मौत, अब तक 16 लापता

इवेंट का मकसद

- भारतीय स्टार्टअप्स को वैश्विक अवसरों से जोड़ने के लिए वैश्विक साझेदारी को बढ़ावा देना।

- व्यवसायों और उद्यमियों के लिए नए बाजार में पहुंच को आसान करने के लिए चैनल खोलना।

- सतत उत्कृष्टता और इनोवेशन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिभा का पोषण करना।

- एक फलदायी स्टार्टअप वातावरण को पोषित करने के लिए प्रगतिशील ढांचे की वकालत करना।

- स्टार्टअप्स के लिए निवेश तक पहुंच को बढ़ाने के लिए उन्हें सक्षम बनाना।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।