Tata Motors Demerger Plan: टाटा मोटर्स के बोर्ड ने कमर्शियल व्हीकल (CV) कारोबार को टीएमएल कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड में बांटने को मंजूरी दे दी है। साथ ही घोषणा की है कि पीवी, ईवी, जेएलआर और संबंधित निवेश समेत पैसेंजर व्हीकल्स (PV) बिजनेस एक अलग एंटिटी होगा। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि डिमर्जर के परिणामस्वरूप बनने वाली दोनों एंटिटीज लिस्टेड होंगी।
कंपनी पहले ही कह चुकी है कि इस डिमर्जर को एनसीएलटी स्कीम ऑफ अरेंजमेंट के माध्यम से लागू किया जाएगा और टाटा मोटर्स के सभी शेयरधारकों के पास दोनों लिस्टेड एंटिटीज में समान शेयरहोल्डिंग बनी रहेगी। टाटा मोटर्स ने कहा कि यह योजना शेयरधारकों के लिए वैल्यू बढ़ाने में सक्षम बनाएगी। डिमर्जर प्लान पर अभी शेयरधारकों, लेनदारों, नेशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल और अन्य प्राधिकरणों की मंजूरी लिया जाना बाकी है।
इस डिमर्जर का उद्देश्य JLR के साथ-साथ PV और EV कारोबार में तालमेल बढ़ाना है, खासकर EV, ऑटोनोमस व्हीकल्स और व्हीकल सॉफ्टवेयर के क्षेत्रों में। टाटा मोटर्स के ED, गिरीश वाघ ने कंपनी की 2024 की वार्षिक रिपोर्ट में कहा, "प्रस्तावित डिमर्जर हमें अपना फोकस बेहतर बनाने में मदद करेगा और हमें वैश्विक स्तर पर कमर्शियल व्हीकल बाजार में अवसरों का लाभ उठाने के लिए और अधिक चुस्त बनाएगा। हमारा ध्यान कमर्शियल व्हीकल स्पेस में काम करने वाली एक विश्व स्तरीय कंपनी बनाने पर होगा।"
Q1 में टाटा मोटर्स का मुनाफा 74% बढ़ा
टाटा मोटर्स का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही अप्रैल-जून में कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 74 प्रतिशत बढ़कर 5,566 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 3,203 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। अप्रैल-जून अवधि में कंपनी की कुल आय बढ़कर 1,09,623 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की जून तिमाही में यह 1,03,597 करोड़ रुपये थी। टाटा मोटर्स का स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा 2,190 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में उसे 64 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।