Tata Motors : कार बनाने वाली दिग्गज कंपनी टाटा मोटर्स तमिलनाडु में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने की तैयारी में है। इसके तहत 9000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस निवेश से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तरीके से 5000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने इसके लिए आज 13 मार्च को तमिलनाडु सरकार के साथ एक एग्रीमेंट किया है। इस MoU पर साइन के लिए तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन और टाटा मोटर्स के सीनियर ऑफिसर चेन्नई में मौजूद थे।
तमिलनाडु के उद्योग मंत्री टीआरबी राजा ने कहा, "MoU के अनुसार टाटा मोटर्स एक अत्याधुनिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित करेगी, जिसमें 9000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इससे 5000 नौकरियां पैदा होंगी।" हालांकि कार, ट्रक और बसें बनाने वाली कंपनी टाटा मोटर्स ने यह नहीं बताया कि वह नए प्लांट में कौन से वाहन बनाएगी।
टाटा मोटर्स ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, "इस MoU पर हस्ताक्षर के बाद इनवेस्टमेंट प्रमोशन और फैसिलिटेशन के लिए तमिलनाडु की नोडल एजेंसी गाइडेंस और टाटा मोटर्स ग्रुप की टीमें इस अवसर को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगी।" कर्नाटक के धारवाड़ के बाद यह टाटा मोटर्स का दक्षिण भारत में दूसरा प्लांट होगा।
VinFast Auto भी करेगी 16000 करोड़ का निवेश
25 फरवरी को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने VinFast Auto की इलेक्ट्रिक व्हीकल कार और बैटरी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी की आधारशिला रखी, जिसके तहत राज्य में 16,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाना है। यह वियतनाम की ऑटोमोटिव कंपनी है, जिसने जनवरी में डीएमके सरकार द्वारा ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट के पहले एडिशन के दौरान प्लांट के लिए तमिलनाडु सरकार के साथ एक समझौता किया था।