मैकडॉवेल्स, रॉयल चैलेंज, जॉनी वॉकर जैसे लिकर ब्रांड्स वाली कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (United Spirits Limited) से कर अधिकारियों ने अतिरिक्त 3.4 करोड़ रुपये की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि कंपनी की ओर से जुलाई-अगस्त 2017 के दौरान भुगतान किए गए जीएसटी में विसंगतियां पाई गई हैं, जिसकी भरपाई के लिए यह अतिरिक्त अमाउंट मांगा गया है। यूनाइटेड स्पिरिट्स ने शेयर बाजारों को इस बारे में जानकारी दी है, जिसमें कहा गया है, 'हम आपको सूचित करना चाहेंगे कि कंपनी को जीएसटी अधिकारियों की ओर से ऑर्डर-इन-ओरिजिनल मिला है। इसमें टैक्स अथॉरिटीज ने कहा है कि कंपनी द्वारा प्रदान किए गए ट्रेडमार्क्स के इस्तेमाल के अधिकार पर अर्जित आय पर 18 प्रतिशत की उच्च दर लागू है, जबकि कंपनी की ओर से जुलाई और अगस्त 2017 में 12 प्रतिशत जीएसटी का भुगतान किया गया है। इसलिए टैक्स अथॉरिटीज की ओर से और 3.4 करोड़ रुपये (1.7 करोड़ रुपये का ब्याज और 15 लाख रुपये का जुर्माना सहित) की डिफरेंशियल जीएसटी लायबिलिटी के भुगतान की मांग की गई है।'
