जुलाई-सितंबर तिमाही (FY24Q2) में एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस (LIC Housing Finance) का नेट प्रॉफिट लगभग चार गुना वृद्धि के साथ 1,188 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने एक साल पहले की समान तिमाही में 305 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस ने शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा कि चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में कुल रेवेन्यु करीब 33 प्रतिशत बढ़कर 6,753 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की अवधि में 5,086 करोड़ रुपये था। कंपनी की ब्याज आय भी एक साल पहले के 5,049 करोड़ रुपये से बढ़कर 6,707 करोड़ रुपये हो गई।
शुद्ध ब्याज आय एक साल पहले की अवधि के 1,150 करोड़ रुपये की तुलना में बढ़कर 2,107 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी का शुद्ध ब्याज मार्जिन बढ़कर 3.04 प्रतिशत हो गया, जो एक साल पहले समान तिमाही में 1.78 प्रतिशत था।
एसेट क्वालिटी के मामले में, एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस का ग्रॉस एनपीए सितंबर में ग्रॉस एडवांस का 4.3 प्रतिशत रहा, जो एक साल पहले 4.9 प्रतिशत था। शुद्ध एनपीए एक साल पहले की अवधि के 2.83 प्रतिशत के मुकाबले मामूली गिरावट के साथ 2.59 प्रतिशत हो गया।
एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस की शुरुआत 1989 में हुई थी और साल 1994 में कंपनी शेयर मार्केट में लिस्ट हुई। 1 नवंबर को एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस का शेयर लगभग फ्लैट रहकर बीएसई पर 457.75 और एनएसई पर 459.10 रुपये पर बंद हुआ। शेयर ने पिछले 6 माह में करीब 30 प्रतिशत और पिछले एक साल में करीब 15 प्रतिशत की तेजी देखी है।