Credit Cards

TCS का सैलरी बढ़ाने को लेकर क्या है प्लान, कंपनी के चीफ HR ऑफिसर ने दिया जवाब

लक्कड़ ने कहा कि TCS की कैंपस से हायरिंग जारी है। पिछले साल की तुलना में इस साल यह संख्या थोड़ी अधिक हो सकती है। मार्च तिमाही के दौरान एट्रिशन रेट यानि कि कंपनी को छोड़कर जाने की दर मामूली रूप से बढ़कर 13.3 प्रतिशत हो गई। दिसंबर तिमाही में यह 13 प्रतिशत थी

अपडेटेड Apr 10, 2025 पर 7:14 PM
Story continues below Advertisement
वित्त वर्ष 2026 में फ्रेशर्स की भर्ती या तो वित्त वर्ष 2025 की तरह ही रह सकती है या फिर उससे अधिक हो सकती है।

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी का फैसला साल के दौरान करेगी और यह कारोबारी माहौल पर निर्भर होगा। जनवरी-मार्च 2025 तिमाही के वित्तीय नतीजे घोषित होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कंपनी के चीफ एचआर ऑफिसर मिलिंद लक्कड़ ने यह बात कही। इसका मतलब है कि कंपनी में अप्रैल में यानि वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत में सैलरी में इजाफा नहीं होगा।लक्कड़ ने बताया, "अनिश्चित माहौल के कारण हम वेतन वृद्धि पर साल के दौरान फैसला करेंगे। यह कभी भी हो सकता है, यह कारोबार पर निर्भर करेगा।" लक्कड़ ने सैलरी में संभावित बढ़ोतरी के आंकड़े पर कमेंट करने से इनकार कर दिया और कहा कि यह कारोबारी माहौल पर निर्भर करेगा।

लक्कड़ ने यह भी कहा कि वित्त वर्ष 2026 में फ्रेशर्स की भर्ती या तो वित्त वर्ष 2025 की तरह ही रह सकती है या फिर उससे अधिक हो सकती है। वित्त वर्ष 2025 में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में ट्रेनीज की नियुक्ति का आंकड़ा योजना के अनुसार 42,000 रहा।

जारी है कैंपस प्लेसमेंट


लक्कड़ ने कहा कि कंपनी की कैंपस से हायरिंग जारी है। पिछले साल की तुलना में इस साल यह संख्या थोड़ी अधिक हो सकती है। मार्च तिमाही के दौरान एट्रिशन रेट यानि कि कंपनी को छोड़कर जाने की दर मामूली रूप से बढ़कर 13.3 प्रतिशत हो गई। दिसंबर तिमाही में यह 13 प्रतिशत थी।

Q4 में अनुमान से अधिक रही TCS की ऑर्डर बुक, FY25 में 39.4 अरब डॉलर पर पहुंचा आंकड़ा

मार्च तिमाही में जोड़े 625 कर्मचारी

TCS के कर्मचारियों की संख्या में जनवरी-मार्च 2025 तिमाही में 625 कर्मचारियों की बढ़ोतरी हुई। दिसंबर तिमाही में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में 5,370 की गिरावट देखी गई थी। कंपनी ने 10 अप्रैल को कहा कि ताजा बढ़ोतरी के साथ TCS में अब 6,07,979 एंप्लॉयीज हैं। पूरे वित्त वर्ष 2025 के दौरान TCS के कर्मचारियों की संख्या में 6,433 की वृद्धि हुई। मार्च 2024 के आखिर तक कंपनी में 6,01,546 कर्मचारी थे।

कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में 19 साल बाद पहली बार गिरावट वित्त वर्ष 2024 में आई थी। वित्त वर्ष 2023 में TCS ने अपने साथ 22,600 कर्मचारी जोड़े। वहीं वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने 1.03 लाख कर्मचारियों को जोड़ा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।