Tech Mahindra Q1 Results: आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टेक महिंद्रा ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में मजबूत नतीजे दर्ज किए हैं। कंपनी का शुद्ध लाभ 34% बढ़कर ₹1,141 करोड़ रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹852 करोड़ था। इस दौरान कंपनी के खर्च लगभग स्थिर रहे, जबकि रेवेन्यू में वृद्धि हुई, जिससे लाभ में उछाल आया।
तिमाही के दौरान कंपनी की कंसॉलिडेटेड आय 3% बढ़कर ₹13,351 करोड़ रही। वहीं, कुल खर्च ₹11,952 करोड़ रहा, जो पिछली तिमाही की तुलना में थोड़ा कम था। खर्च पर नियंत्रण के चलते ऑपरेटिंग मार्जिन में सुधार देखने को मिला।
कंपनी की कुल आय का लगभग आधा हिस्सा अमेरिका से आता है। हालांकि इस तिमाही में अमेरिकी बाजार से आय में 5.9% की गिरावट दर्ज की गई, जो टॉपलाइन ग्रोथ पर आंशिक असर डालती है।
टेक महिंद्रा की नई डील बुकिंग $809 मिलियन रही, जो पिछली तिमाही ($798 मिलियन) और पिछले साल की समान अवधि ($534 मिलियन) दोनों से अधिक है। बीते 12 महीनों में डील विन्स में 44% की वृद्धि हुई है।
सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर मोहित जोशी ने कहा, "हमारा प्रदर्शन लगातार मजबूत हो रहा है, जो अनुशासित क्रियान्वयन और केंद्रित रणनीति का नतीजा है। अलग-अलग वर्टिकल में हम तेजी से नई डील हासिल कर रहे हैं।”
वहीं, सीएफओ रोहित आनंद ने कहा, "हमने लगातार सात तिमाहियों से मार्जिन में सुधार किया है, जो हमारे संगठन की अनुशासन और फोकस को दिखाता है। 'Project Fortius' के तहत ऑपरेशनल सुधार के ठोस नतीजे मिल रहे हैं, भले ही माहौल अनिश्चित हो।”
जून तिमाही में टेक महिंद्रा का कुल हेडकाउंट 1.48 लाख रहा। यह पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 897 कर्मचारियों की बढ़त है। वहीं, आईटी एट्रिशन रेट 12.6% दर्ज की गई है, जो इंडस्ट्री एवरेज के अनुरूप मानी जा रही है।टेक महिंद्रा के पास मार्च तिमाही के अंत तक ₹8,072 करोड़ की नकदी उपलब्ध थीं।
टेक महिंद्रा का स्टॉक बुधवार को 1.94% चढ़कर ₹1,609 पर बंद हुआ। हालांकि कैलेंडर वर्ष 2025 में अब तक यह शेयर करीब 5% गिर चुका है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।