क्रिप्टो एक्सचेंज CoinDCX के दो को-फाउंडर गिरफ्तार, कंपनी की सफाई- नकली फाउंडर बनकर ठग रहे कुछ लोग

इस मामले में शिकायतकर्ता 42 वर्ष का एक बीमा सलाहकार है। उसने आरोप लगाया है कि अगस्त 2025 से मार्च 2026 के बीच उसे 71.6 लाख रुपये का चूना लगाया गया। मुंब्रा पुलिस की एक टीम ने शनिवार को बेंगलुरु से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया

अपडेटेड Mar 23, 2026 पर 5:15 PM
Story continues below Advertisement
एक स्थानीय अदालत ने दोनों आरोपियों को सोमवार तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।

ठाणे पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज प्लेटफॉर्म CoinDCX के दो को-फाउंडर्स को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 71.6 लाख रुपये के कथित फ्रॉड के सिलसिले में हुई है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई 16 मार्च को ठाणे के मुंब्रा पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के बाद की गई है। इस FIR में CoinDCX के को-फाउंडर्स सुमित गुप्ता, नीरज खंडेलवाल और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, क्रिमिनल ब्रीच ऑफ ट्रस्ट और फ्रॉड के आरोप हैं।

इस मामले में शिकायतकर्ता 42 वर्ष का एक बीमा सलाहकार है। उसने आरोप लगाया है कि अगस्त 2025 से मार्च 2026 के बीच उसे 71.6 लाख रुपये का चूना लगाया गया। उसे एक ऐसी फर्म में निवेश करके भारी मुनाफे का लालच दिया गया, जिसका कथित तौर पर क्रिप्टोकरेंसी प्लेटफॉर्म से जुड़ाव था। पुलिस के अनुसार, उसे फ्रेंचाइजी का अवसर भी दिया गया था।

शिकायतकर्ता ने अलग-अलग समय पर नकद और ऑनलाइन लेनदेन के माध्यम से 71,60,015 रुपये ट्रांसफर किए। हालांकि, निवेश की गई राशि वापस नहीं की गई। इसके बजाय कथित तौर पर उन पैसों का गबन कर लिया गया।


बेंगलुरु से दोनों गिरफ्तार

मुंब्रा पुलिस की एक टीम ने शनिवार को बेंगलुरु से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल शिंदे ने बताया कि बाद में उन्हें ठाणे लाया गया और रविवार को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें सोमवार तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। अधिकारी ने आगे कहा, "यह पता लगाने के लिए विस्तृत जांच चल रही है कि क्या इस निवेश योजना से जुड़े और भी पीड़ित हैं।"

CoinDCX का क्या कहना है

CoinDCX ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि उसके को-फाउंडर्स के खिलाफ दर्ज FIR पूरी तरह झूठी है और यह कंपनी को निशाना बनाने की एक साजिश का हिस्सा है। कंपनी के मुताबिक कुछ लोग CoinDCX के फाउंडर्स बनकर लोगों को ठग रहे हैं और इसी के आधार पर यह शिकायत दर्ज कराई गई है।

CoinDCX ने कहा कि उसने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक नोटिस जारी किया है और लोगों को चेतावनी दी है कि कंपनी के नाम का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी की कोशिश की जा रही है। कंपनी का कहना है कि इस साजिश में यह भी झूठा दावा किया गया है कि नकद में पैसा तीसरे पक्ष के खातों में ट्रांसफर किया गया, जबकि इन खातों का CoinDCX से कोई संबंध नहीं है।

 फर्जी वेबसाइटों की शिकायत 

CoinDCX  के मुताबिक- भारत के डिजिटल फाइनेंस इकोसिस्टम में ब्रांड की नकल कर होने वाले साइबर फ्रॉड तेजी से बढ़ रहे हैं और CoinDCX इस तरह की गतिविधियों की कड़ी निंदा करता है। कंपनी ने बताया कि 1 अप्रैल 2024 से 5 जनवरी 2026 के बीच उसने अपनी वेबसाइट coindcx.com की नकल करने वाली 1,212 से ज्यादा फर्जी वेबसाइटों की शिकायत दर्ज कराई है।

CoinDCX ने कहा कि वह इस मामले में संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है और यूजर्स को जागरूक करने के लिए भी लगातार काम कर रही है, ताकि लोगों को इस तरह की धोखाधड़ी से बचाया जा सके।

$68,000 पर आया बिटकॉइन, ईरान-अमेरिका युद्ध के लंबा चलने की आहट से सहमा क्रिप्टो बाजार; क्या फेल हो गया 'सेफ हेवन' का दावा?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।