Policybazaar के 3 एग्जिक्यूटिव को मिला 1,044 करोड़ रुपये से अधिक का ESOPs, सालाना रिपोर्ट से मिली जानकारी

PB फिनटेक के फाउंडर और चेयरमैन याशीष दहिया, चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर आलोक बंसल और पॉलिसीबाजार.कॉम के सीईओ सरबवीर सिंह को FY22 में 1044 करोड़ रुपये के ESOPs दिए गए

अपडेटेड Sep 09, 2022 पर 5:07 PM
Story continues below Advertisement
PB फिनटेक का मौजूदा मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 22,962 करोड़ रुपये है

पॉलिसी बाजार (Policybazaar) की पैरेंट कंपनी पीबी फिनटेक (PB Fintech) के तीन शीर्ष एग्जिक्यूटिव को वित्त वर्ष 2022 के दौरान 1,044 करोड़ रुपये से अधिक के एंप्लॉयी स्टॉक ओनरशिप प्लान (ESOPs) दिए गए, जब कंपनी स्टॉक मार्केट में लिस्ट हुई थी। इन एग्जिक्यूटिव में PB फिनटेक के फाउंडर और चेयरमैन याशीष दहिया, चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर आलोक बंसल और पॉलिसीबाजार.कॉम के सीईओ सरबवीर सिंह शामिल हैं।

कंपनी की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2022 में याशीष दहिया को PB फिनटेक के करीब 614 करोड़ रुपये के ESOP दिए गए। वहीं आलोक बंसक को 361 करोड़ रुपये और सरबवीर सिंह को 69 करोड़ रुपये के ESOPs मिले। याशीष दहिया और सरबवीर सिंह ने जहां वित्त वर्ष 2022 के दौरान कंपनी से किसी तरह की सैलरी या भत्ता नहीं लिया। वहीं आलोक बंसल ने इस दौरान 1 करोड़ रुपये की सैलरी ली।

वित्त वर्ष 2022 में याशीष दहिया को ESOPs की 70 लाख यूनिट, आलोक बंसल को 30 लाख यूनिट और सरबवीर सिंह को 10 लाख यूनिट मिली। इसका मतलब है कि वित्त वर्ष 22 के दौरान कंपनी की तरफ से दिए गए 1.80 करोड़ से अधिक ESOPs में से करीब 61 प्रतिशत सिर्फ इन्हीं तीन शीर्ष अधिकारियों को दिया गया।


यह भी पढ़ें- Hotel शेयरों में 50% उछाल, जानिए किन स्टॉक्स में निवेश से होगी तगड़ी कमाई

इन स्टॉक ऑप्शंस का एक्सरसाइज प्राइस 2 रुपये प्रत्येक तय किया गया था। पॉलिसीबाजार की मूल कंपनी PB फिनटेक के शेयर फिलहाल स्टॉक मार्केट में 509 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं, जो पिछले साल के 980 रुपये के IPO (इनीशियल पब्लिक ऑफर) प्राइस से करीब 48 प्रतिशत कम है।

कंपनी की सालाना रिपोर्ट से यह भी पता चला है कि फाउंडर्स और शीर्ष अधिकारियों को ग्रांट किए 1.2 करोड़ ESOPs को भुनाने के लिए 5 साल की अवधि दी गई है (हर साल 20 फीसदी)। साथ ही यह इस शर्त के अधीन होगा कि ESOPs को भुनाने के साल कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 5 अरब डॉलर (करीब 39,000 करोड़ रुपये) से अधिक होगा। PB फिनटेक का मौजूदा मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 22,962 करोड़ रुपये है।

हालांकि मार्केट-कैपिटलाइजेशन का लक्ष्य हासिल नहीं होने की स्थिति में स्टॉक ऑप्शन खत्म नहीं होंगे और इन्हें इसी शर्तों के साथ आने वाले सालों के ट्रांसफर कर दिया जाएगा, जब तक कि कंपनी का औसत सालाना मार्केट कैपिटलाइजेशन 5 अरब डॉलर से अधिक नहीं हो जाता।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।