Vedanta Share Price: दिग्गज माइनिंग एमएनसी वेदांता (Vedanta) गुजरात में सेमीकंडक्टर और ग्लास डिस्प्ले का प्लांट लगाने वाली है। इस ऐलान के बाद इसके शेयरों में आज जमकर खरीदारी हुई। दमदार खरीदारी के दम पर आज 14 सितंबर को इसके शेयर इंट्रा-डे में 13 फीसदी उछलकर 314.80 रुपये के भाव पर पहुंच गए थे। हालांकि इसके बाद प्रॉफिट बुकिंग के चलते भाव में थोड़ी गिरावट आई और बीएसई पर यह 10.01 फीसदी की बढ़त के साथ 305.45 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
इस साल 14 फीसदी कमजोर हुए हैं भाव
वेदांता के शेयरों में नए प्लांट के ऐलान के चलते खरीदारी का शानदार रूझान दिख रहा है। हालांकि इस पूरे साल 2022 की बात करें तो यह करीब 14 फीसदी कमजोर हुआ है। इस साल 11 अप्रैल को यह 440.75 रुपये के 52 हफ्ते के रिकॉर्ड भाव पर पहुंच गया था लेकिन यह तेजी कायम नहीं रह सकी और एक जुलाई को 206.10 रुपये के 52 हफ्ते के रिकॉर्ड निचले स्तर पर फिसल गया। इसके बाद वेदांता में खरीदारी बढ़ी और अब तक यह 48 फीसदी रिकवर हो चुका है।
Vedanata गुजरात में कर रही है बड़ा निवेश
वेदांता ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन के साथ मिलकर गुजरात में 1.54 लाख करोड़ रुपये के निवेश से चिप और डिस्प्ले एफएबी का प्लांट स्थापित कर रही है। यह वेदांता के सबसे बड़े निवेश में शुमार है। सेमीकंडक्टर मार्केट तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले चार वर्षों यानी वर्ष 2026 तक यह 6300 करोड़ डॉलर तक पहुंच सकता है। वर्ष 2020 में यह महज 1500 करोड़ डॉलर का था।
सेमीकंडक्टर का इस्तेमाल ऑटो और स्मार्टफोन इंडस्ट्री में बड़े पैमाने पर होता है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक सामानों में भी इसका इस्तेमाल होता है। अभी दुनिया के अधिकतर देश चिप की सप्लाई के लिए ताइवान समेत अन्य देशों पर निर्भर हैं लेकिन जल्द ही भारत भी इसमें शामिल हो सकता है।