भारी-भरकम कर्ज के बोझ से दबी टेलीकॉम कंपनी वोडा आइडिया (Voda Idea) को 14 हजार करोड़ रुपये का लोन मिलने वाला है। एसबीआई की अगुवाई में लेंडर्स के एक कंसोर्टियम ने इसकी मंजूरी दे दी है। मनीकंट्रोल को इसकी जानकारी सूत्रों के हवाले से मिली है और अभी तक इसका आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। वोडाफोन आइडिया को लोन की मंजूरी के बारे में पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और बाकी सरकारी-प्राइवेट बैंकों से अनौपचारिक तौर पर इसकी जानकारी दे दी गई है। सूत्रों के मुताबिक वोडाफोन आइडिया को किश्तों में फंड जारी किया जाएगा। इन पैसों का इस्तेमाल ऑपरेशनल क्रेडिटर्स का कर्ज चुकाने, 5जी नेटवर्क चालू करने और अतिरिक्त स्पेक्ट्रम के लिए बोली लगाने में किया जाएगा।
