Smartphone Exports : मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल-दिसंबर अवधि के दौरान अमेरिका को भारत द्वारा किए जाने वाले स्मार्टफोन निर्यात में बड़ा उछाल देखने को मिला है। इस दौरान अमेरिका को भारत का स्मार्टफोन निर्यात बढ़कर 3.53 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। यह वित्त वर्ष 2022-23 की समान अवधि में 99.8 करोड़ अमेरिकी डॉलर था। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल-दिसंबर के दौरान स्मार्टफोन के निर्यात में भारत की हिस्सेदारी बढ़कर 7.76 फीसदी हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में दो फीसदी थी।
बता दें कि प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम की घोषणा और अमेरिका स्थित आईफोन निर्माता एपल (Apple) के घरेलू मैन्युफैक्चरिंग में एंट्री के बाद भारत स्मार्टफोन के लिए एक प्रमुख प्रोडक्शन हब के रूप में उभर रहा है।
स्मार्टफोन मैन्युफैक्चरिंग में बढ़ोतरी का असर
एक अधिकारी ने कहा कि स्मार्टफोन मैन्युफैक्चरिंग में बढ़ोतरी से निर्यात को बढ़ावा मिला। इसके साथ ही भारत, अमेरिका का तीसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन निर्यातक बन गया है। पहले स्थान पर चीन और दूसरे स्थान पर वियतनाम हैं। मौजूदा वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों के दौरान अमेरिका को किए जाने वाले स्मार्टफोन निर्यात में चीन और वियतनाम की हिस्सेदारी घटी है।
अमेरिका और वियतनाम का निर्यात घटा
टॉप 5 सप्लायर्स से अमेरिका को स्मार्टफोन का निर्यात अप्रैल-दिसंबर 2023 में घटकर 45.1 अरब डॉलर रह गया, जो अप्रैल-दिसंबर 2022 में 49.1 अरब डॉलर था। चीन ने इस अवधि में अमेरिका को 35.1 अरब डॉलर के स्मार्टफोन का निर्यात किया, जो इससे पिछले साल की समान अवधि में 38.26 अरब डॉलर था। इसी तरह वियतनाम का अमेरिका को निर्यात घटकर 5.47 अरब डॉलर रह गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 9.36 अरब अमेरिकी डॉलर था। अमेरिका के अन्य दो प्रमुख स्मार्टफोन निर्यातक दक्षिण कोरिया और हांगकांग हैं।
अप्रैल-दिसंबर अवधि के दौरान अमेरिका को दक्षिण कोरिया का निर्यात 432 मिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 858 मिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया। वहीं, हांगकांग की बिक्री 132 मिलियन अमेरिकी डॉलर से घटकर 112 मिलियन अमेरिकी डॉलर हो गई है।