ZEE Entertainment ने संगठन में किए कई फेरबदल, पुनीत गोयनका के पास सीधा प्रभार

रिस्ट्रक्चर के तहत पुनीत गोयनका के भाई अमित गोयनका को इंटरनेशनल ब्रॉडकास्ट, एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी, ब्रॉडकास्ट ऑपरेशन और इंजीनियरिंग सेगमेंट का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डिजिटल बिजनेस के प्रमुख अमित गोयनका के पास फिल्मों सहित ओरिजनल कंटेंट का डायरेक्ट चार्ज भी होगा

अपडेटेड Apr 17, 2024 पर 8:59 PM
जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने आज बुधवार को ऑर्गेनाइजेशन में फेरबदल की घोषणा की है।

ZEE Entertainment Enterprises : मीडिया कंपनी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने आज बुधवार को ऑर्गेनाइजेशन में फेरबदल की घोषणा की है। इसके तहत मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) पुनीत गोयनका को डोमेस्टिक ब्रॉडकास्ट बिजनेस समेत अहम वर्टिकल का सीधा प्रभार सौंपा गया है। कंपनी के बोर्ड से अप्रुव्ड नए ऑर्गेनाइजेशन स्ट्रक्चर के तहत जी एंटरटेनमेंट का संचालन चार प्रमुख बिजनेस सेगमेंट्स- ब्रॉडकास्ट, डिजिटल, मूवी और म्यूजिक के रूप में किया जाएगा।

इन्हें मिली अहम जिम्मेदारियां

जी एंटरटेनमेंट ने अप्रैल की शुरुआत में अपने 15 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी की प्रक्रिया शुरू की थी। इस दौरान खुद पुनीत गोयनका की सैलरी में भी 20 फीसदी की कटौती की घोषणा की गई। रिस्ट्रक्चर के तहत पुनीत गोयनका के भाई अमित गोयनका को इंटरनेशनल ब्रॉडकास्ट, एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी, ब्रॉडकास्ट ऑपरेशन और इंजीनियरिंग सेगमेंट का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डिजिटल बिजनेस के प्रमुख अमित गोयनका के पास फिल्मों सहित ओरिजनल कंटेंट का डायरेक्ट चार्ज भी होगा।


डोमेस्टिक ब्रॉडकास्ट बिजनेस सेगमेंट में जी चैनलों के साउथ क्लस्टर को लीड कर रहे सिजू प्रभाकरन को वेस्ट क्लस्टर की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। इसी तरह, चैनलों के ईस्ट क्लस्टर के प्रमुख सम्राट घोष नॉर्थ और प्रीमियम क्लस्टर की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे।

कंपनी ने बयान में इन बदलावों की जानकारी देते हुए कहा कि रुचिर तिवारी पहले की तरह हिंदी मूवी सेगमेंट की कमान संभालते रहेंगे जबकि विष्णु शंकर ‘&TV’ और फ्री-टू-एयर चैनल सेगमेंट का नेतृत्व करना जारी रखेंगे। ये सीधे पुनीत गोयनका को रिपोर्ट करेंगे। इसके अलावा आशीष सहगल ब्रॉडकास्ट और डिजिटल बिजनेस की ‘इंटीग्रेटेड एडवर्टाइजमेंट सेल्स’ के लिए जिम्मेदार होंगे। वहीं उमेश बंसल फिल्म बिजनेस का नेतृत्व करेंगे जबकि अनुराग बेदी के पास म्यूजिक बिजनेस का जिम्मा होगा।

जी एंटरटेनमेंट के चेयरमैन का बयान

जी एंटरटेनमेंट के चेयरमैन आर गोपालन ने बयान में कहा, "बोर्ड ने एमडी और सीईओ द्वारा प्रस्तावित ऑर्गेनाइजेशन स्ट्रक्चर की समीक्षा करने के बाद उसे मंजूरी दे दी है। इसका मकसद संगठन को सुव्यवस्थित करना और पूरे बिजनेस की एफिशिएंसी में सुधार करना है।" पुनीत गोयनका ने कहा कि नए स्ट्रक्चर में प्रॉफिटेबिलिटी पर अधिक फोकस किया गया है और इसके लिए सहयोग सुनिश्चित करने के लिए संगठन में एक अधिक लचीली टीम बनाई गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।