Zerodha के फाउंडर्स ने FY23 में लिया 72 करोड़ का मेहनताना, नितिन कामत की पत्नी को मिले 36 करोड़

डिस्काउंट ब्रोकिंग फर्म जेरोधा के फाउंडर्स नितिन और निखिल कामत ने वित्त वर्ष 2023 में 72-72 करोड़ का मेहनताना लिया। नितिन कामत की पत्नी और कंपनी की होलटाइम डायरेक्टर सीमा पाटिल को वित्त वर्ष 2023 के लिए मेहनताने के तौर पर कुल 36 करोड़ रुपये मिले। नितिन कामत कंपनी के CEO और MD हैं, जबकि निखिल कंपनी के CFO हैं

अपडेटेड Dec 08, 2023 पर 9:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जेरोधा देश की दूसरी सबसे बड़ी रिटेल ब्रोकिंग फर्म है, जिसके पास नवंबर तक तकरीबन 65 लाख एक्टिव क्लाइंट्स थे।

डिस्काउंट ब्रोकिंग फर्म जेरोधा (Zerodha) के फाउंडर्स नितिन और निखिल कामत ने वित्त वर्ष 2023 में 72-72 करोड़ का मेहनताना लिया। कंपनी मामलों के मंत्रालय से यह जानकारी मिली है। नितिन कामत की पत्नी और कंपनी की होलटाइम डायरेक्टर सीमा पाटिल को वित्त वर्ष 2023 के लिए मेहनताने के तौर पर कुल 36 करोड़ रुपये मिले। नितिन कामत कंपनी के CEO और MD हैं, जबकि निखिल कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) हैं। कंपनी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) वेणु माधव ने इसी अवधि में 15.4 करोड़ रुपये का मेहनताना लिया।

पिछले वित्त वर्ष में नितिन और निखिल कामत की ग्रॉस सैलरी 48 करोड़ रुपये थी और बाकी रकम 'अन्य' के तौर पर मिली। इन दोनों ने संबंधित अवधि में कोई भी स्टॉक ऑप्शन नहीं लिया। जेरोधा की वैल्यूएशन 30,000 करोड़ रुपये है, जो कंपनी की सालाना प्रॉफिट का तकरीबन 10 गुना है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी का प्रॉफिट और रेवेन्यू 39 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ क्रमशः 2,907 करोड़ रुपये और 6,875 करोड़ रुपये रहा।

जेरोधा देश की दूसरी सबसे बड़ी रिटेल ब्रोकिंग फर्म है, जिसके पास नवंबर तक तकरीबन 65 लाख एक्टिव क्लाइंट्स हैं। हालांकि, पिछले 18 महीनों में कंपनी के आंकड़े स्थिर हो गए हैं और वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का रेवेन्यू और प्रॉफिट फ्लैट रहने के आसार हैं। वित्त वर्ष 2022 में कंपनी का रेवेन्यू और प्रॉफिट क्रमशः 4,964 करोड़ और 2,094 करोड़ रुपये रहा था।


बेंगलुरु की एक और फिनटेक स्टार्टअप ग्रो (Groww) सितंबर में एक्टिव इनवेस्टर्स के मामले में जेरोधा से आगे निकल गई थी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के 30 सितंबर, 2023 के आंकड़ों के मुताबिक, बेंगलुरु की फिनटेक कंपनी ग्रो के पास कुल 66.3 लाख एक्टिव इनवेस्टर हैं, जबकि जेरोधा के पास 64.8 लाख इनवेस्टर हैं। मार्च 2021 में जेरोधा के पास 34 लाख ग्राहक थे, जबकि ग्रो के ग्राहकों की संख्या 7.8 लाख थी। इसके बाद से जेरोधा के ग्राहकों की संख्या में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है, जबकि ग्रो के ग्राहकों की तादाद 750 पर्सेंट बढ़ गई है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।