जेरोधा (Zerodha) और स्मॉलकेस (smallcase) के ज्वाइंट वेंचर (JV) जेरोधा फंड हाउस के एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) में बड़ा उछाल देखने को मिला है। कंपनी का AUM सिर्फ 40 दिन में 500 करोड़ रुपये बढ़ गया है। जिरोधा म्यूचुअल फंड (Zerodha Mutual Fund) ने गुरुवार को घोषणा की कि उसके AUM ने 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। फंड हाउस का एयूएम 15 फरवरी को 500 करोड़ रुपये के आंकड़े पर पहुंचा था। कंपनी के एयूएम में पहले 500 करोड़ रुपये लगभग तीन महीने में जुड़े थे। वहीं, कंपनी ने 500 करोड़ रुपये से 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा सिर्फ 40 दिन में हासिल कर लिया।
Smallcase के फाउंडर का बयान
स्मॉलकेस के फाउंडर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) वसंत कामत ने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “यह देखकर खुशी हुई कि जिरोधा फंड हाउस पर निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और केवल 40 दिन में संपत्ति दोगुनी होकर 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है। यह इंडेक्स-बेस्ड इनवेस्टमेंट प्रोडक्ट्स के लिए बढ़ती मांग को दिखाता है और हम सभी प्रतिक्रियाओं और विचारों के लिए आभारी हैं।”
फंड हाउस चार म्यूचुअल फंड स्कीम को मैनेज करता है जिसमें केवल पेसिव फंड शामिल हैं। जिरोधा ELSS टैक्स सेवर निफ्टी लार्जमिडकैप 250 इंडेक्स फंड, जिरोधा निफ्टी लार्जमिडकैप 250 इंडेक्स फंड, जिरोधा निफ्टी 1डी रेट लिक्विड ईटीएफ, और जिरोधा गोल्ड ईटीएफ फंड हाउस की वर्तमान ऑफरिंग हैं।
अक्टूबर 2023 में म्यूचुअल फंड में हुई थी जिरोधा की एंट्री
मार्केट रेगुलेटर सेबी की मंजूरी मिलने के बाद जिरोधा फंड हाउस ने अक्टूबर 2023 में म्यूचुअल फंड सेक्टर में कदम रखा था। इससे पहले, पिछले साल अप्रैल में जिरोधा ने एक एसेट मैनेजमेंट कंपनी बनाने के लिए अमेजन समर्थित फिनटेक प्लेटफॉर्म स्मालकेस के साथ एक ज्वाइंट वेंचर बनाया था। वर्तमान में, 45 म्यूचुअल फंड कंपनियां 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एसेट बेस को मैनेज कर रही हैं।