सॉफ्टवेयर-ऐज-अ-सर्विस मुहैया कराने वाली दिग्गज कंपनी जोहो (Zoho) सरकार के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ONDC (ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स) से एक टेक्नोलॉजी सर्विस प्रोवाइडर के रूप में जुड़ गई है। इससे छोटे कारोबारियों की ओएनडीसी पर मौजूदगी बढ़ेगी और उनके प्रोडक्ट्स की पहुंच अधिक से अधिक लोगों तक हो सकेगी।
जोहो के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zoho Commerce के जरिए सेलर्स और इसके मौजूदा ग्राहक फटाफट ऑनलाइन स्टोर्स सेट अप कर सकेंगे और उनका नेटवर्क ऑनलाइन हो जाएगा। कंपनी ने आज 26 अक्टूबर को अपने बयान में इस अपडेट की जानकारी दी है।
एक क्लिक पर आ जाएंगे ONDC पर
भारत में ई-कॉमर्स सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है। इंडस्ट्री बॉडी फिक्की (FICCI) का आकलन है कि वर्ष 2026 तक यह वर्ष 2021 में 3800 करोड़ डॉलर से बढ़कर 12 हजार करोड़ डॉलर तक पहुंच सकता है। मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स की पहल ओएनडीसी के जरिए सेलर्स इसे भुना सकेंगे। ओएनडीसी के जरिए सेलर्स, बॉयर्स और लॉजिस्टिक्स को एक जगह लाया जाता है।
जोहो कॉमर्स के यूजर्स एक क्लिक पर ही ओएनडीसी पर आ जाएंगे और उनके प्रोडक्ट्स कई प्लेटफॉर्म पर दिखने लगेंगे जिनकी विजिबिलिटी समान होगी यानी कि प्राइवेट मार्केटप्लेस प्लेयर्स के पक्षपात का अब सेलर्स को सामना नहीं करना होगा।
ONDC के जरिए ऑनलाइन सेक्टर की ग्रोथ का मिलेगा फायदा
जोहो कॉर्पोरेशन के वाइस प्रेसिडेंट (रेवेन्यू ग्रोथ) आनंद नेरगुनम का कहना है कि छोटे कारोबारियों और अन्य सेलर्स के लिए ओएनएडीसी बड़ी भूमिका निभा सकता है जो अभी तक ऑनलाइन सेक्टर की ग्रोथ का पूरा फायदा नहीं उठा पा रहे थे। ऐसे सेलर्स अब तुरंत ऑनलाइन स्टोर्स तैयार कर सकेंगे और ओएनडीसी पर अपनी मौजूदगी दिखा सकेंगे।