Credit Cards

Gold Price Today: सोने में गिरावट, इन कारणों से आया दबाव, एक्सपर्ट्स से जानें आगे कैसी रहेगी चाल

Gold Price Today: सोने की कीमतों में आज यानी 17 जुलाई को गिरावट देखने को मिला। दरअसल, अमेरिकी डॉलर में मजबूती और बाजार में सुस्ती के चलते आज सोने में दबाव देखने को मिला

अपडेटेड Jul 17, 2025 पर 12:37 PM
Story continues below Advertisement
Gold Price Today: सोने की कीमतों में आज यानी 17 जुलाई को गिरावट देखने को मिला।

Gold Price Today: सोने की कीमतों में आज यानी 17 जुलाई को गिरावट देखने को मिला। दरअसल, अमेरिकी डॉलर में मजबूती और बाजार में सुस्ती के चलते आज सोने में दबाव देखने को मिला। स्पॉट गोल्ड 0.2% गिरकर 3,340.79 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अमेरिकी सोना वायदा 0.4% गिरकर 3,347.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

वहीं मुंबई में 22 कैरेट सोने की कीमत 90,990 रुपये प्रति 10 ग्राम और 24 कैरेट सोने की कीमत 99,270 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। चांदी भी 100 रुपए की गिरावट के साथ 1,13,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।

एमसीएक्स पर वायदा बाजार में सोना वायदा (5 अगस्त, 2025 को समाप्त) 0.37% की गिरावट के साथ 97,428 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी (5 सितंबर, 2025 को समाप्त) 0.18% बढ़कर 1,11,841 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।


रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा, "फेड चेयरमैन की स्थिति को लेकर अनिश्चितता कम होने के बाद डॉलर में मजबूती आने से सोना 3,340 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गया।"

इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल को हटाने पर विचार कर रहे हैं। हालाँकि, बाद में ट्रंप ने स्पष्ट किया कि ऐसा करने की उनकी "संभावना बहुत कम" है, लेकिन उन्होंने फेड की ब्याज दर नीति की आलोचना दोहराई। ताज़ा अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों का भी सोने पर असर पड़ा। टैरिफ के कारण कुछ वस्तुओं की कीमतें बढ़ने के बावजूद जून में उत्पादक कीमतें स्थिर रहीं। त्रिवेदी ने कहा, जून में अमेरिका में स्थिर पीपीआई रीडिंग से पता चलता है कि टैरिफ का असर उम्मीद से कम हो सकता है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की उपाध्यक्ष अक्ष कंबोज ने कहा, सकारात्मक लेकिन उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन के बावजूद सोने की कीमतें बढ़त पर हैं। व्यापार और टैरिफ पर चल रही चर्चाओं के अलावा, बुलियन को किसी भी दिशा में निर्णायक रूप से आगे बढ़ाने वाले कुछ ही स्पष्ट कारक हैं। जब तक बाजार को प्रभावित करने वाली कोई महत्वपूर्ण घटना नहीं घटती, सोने में मजबूती जारी रहने की उम्मीद है।

मेहता इक्विटीज़ के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी) राहुल कलंत्री ने कहा कि पॉवेल की संभावित बर्खास्तगी की अफवाहों के बाद, दिन के कारोबार में सोने में ज़बरदस्त सुधार देखा गया। उन्होंने कहा, राष्ट्रपति के स्पष्टीकरण के बाद, सोने में 50 डॉलर प्रति औंस की तेजी आई, लेकिन बाद में इसमें कुछ गिरावट आई। अमेरिका में मुद्रास्फीति के कमज़ोर आँकड़ों के बावजूद, मज़बूत डॉलर ने सोने की बढ़त को नियंत्रित रखा है।

कलंत्री का मानना है कि सोने के लिए 3,315-3,290 डॉलर प्रति औंस पर सपोर्ट और 3,360-3,380 डॉलर प्रति औंस पर रजिस्टेंस बना है। भारत में सोने को ₹97,320-96,980 रुपये प्रति 10 ग्राम पर सपोर्ट और रजिस्टेंस ₹97,980-98,280 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है।

GJC के राजेश रोकड़े का कहना है कि इंडस्ट्री शादी और त्योहारों की तैयारी कर रही है। सोने का भाव 3300-3400 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर हो चुका है। सोने की कीमतों में गिरावट की उम्मीद नहीं है। सोने में सेफ हेवन खरीदारी होती दिख रही है।

(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।