Silver Gold Price Today : सोने-चांदी में आज बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है। 10.35 बजे के आसपास एमसीएक्स पर गोल्ड का दिसंबर वायदा 527 रुपए यानी 0.35 फीसदी की बढ़त के साथ 149,631 रुपए पर दिख रहा था। वहीं, चांदी का दिसंबर वायदा 289 रुपए यानी 0.13 फीसदी की बढ़त के साथ 223,864 रुपए पर दिख रहा था। वहीं, फरवरी 2027 एक्सपायरी वाले गोल्ड फ्यूचर्स की कीमत 705 रुपये बढ़कर 1,51,880 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। डॉलर 18 महीने के उच्चतम स्तर से नीचे आया है, इससे बुलियन को सपोर्ट मिल रहा है। अमेरिकी सेंट्रल बैंक की पॉलिसी मीटिंग के मिनट्स जारी होने के बाद ट्रेडर्स ने US फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में एक और बढ़ोतरी का अंदाजा लगा रहे हैं।
केडिया एडवाइजरी का कहना है कि डॉलर के मजबूत होने और फेडरल रिजर्व द्वारा सख्ती बढ़ाने की उम्मीदों के कारण कल सोने की कीमत 0.68% गिरकर ₹1,49,103 पर बंद हुई। 15-16 सितंबर की FOMC बैठक के मिनट्स से पता चलता है कि ज्यादातर पॉलिसीमेकर्स ने साल के आखिर तक फेडरल फंड्स रेट में एक और बढ़ोतरी को सही माना है। हालांकि उन्होंने इस बात पर जो दिया है कि भविष्य के फैसले डेटा पर निर्भर करेंगे।
सभी पॉलिसीमेकर्स ने सितंबर की बैठक में रेट को 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 3.75%-4% करने का समर्थन किया था। जबकि सैन फ्रांसिस्को फेड की प्रेसिडेंट मैरी डेली और कैनसस सिटी फेड के प्रेसिडेंट जेफ श्मिड की हालिया टिप्पणियों ने और बढ़ोतरी की संभावना को और मज़बूत किया। बाजार में अभी दिसंबर में रेट बढ़ने की 87% संभावना मानी जा रही है। हालांकि हाल के कमजोर आर्थिक डेटा ने अक्टूबर में ऐसा होने की उम्मीदों को कम कर दिया है।
भू-राजनीतिक अनिश्चितता भी बनी हुई है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान को अमेरिकी मांगों को पूरा करने और संघर्ष खत्म करने के लिए अपनी परमाणु संवर्धन क्षमता में कमी करनी होगी। निकट अवधि के मौद्रिक दबाव के बावजूद, मांग अच्छी बनी रही है। LBMA प्रतिनिधियों ने अगले 12 महीनों में सोने की कीमत $5,013 प्रति औंस रहने का अनुमान लगाया है।
पर्थ मिंट के सोने के सिक्कों और मिंटेड बार की बिक्री सितंबर में मासिक आधार पर 97.6% बढ़कर 47,300 औंस हो गई है। इसमें सालाना आधार पर भी 29.3% ज्यादा की बढ़त हुई है। एशियाई मांग में मामूली सुधार हुआ है। कम हुई कीमतों ने खरीदारों को आकर्षित किया है। वहीं, चीनी बुलियन का कारोबार $5-10 प्रति औंस के प्रीमियम पर हुआ। जुलाई के अंत में लंदन वॉल्ट होल्डिंग्स मासिक आधार पर 0.74% बढ़कर 9,534 टन हो गईं,जिनका मूल्य $1.2 ट्रिलियन है। गोल्डमैन सैक्स ने 2027 के अंत के लिए अपना $5,400 प्रति औंस का अनुमान बनाए रखा है। जिसमें केंद्रीय बैंक द्वारा डाइवर्सीफिकेशन को मुख्य कारक बताया गया है। हालांकि फेड का सख्त रुख कीमतों को $4,070 की ओर धकेल सकता है।
टेक्निकली, मार्केट में नई बिकवाली हो रही है क्योंकि ओपन इंटरेस्ट 3.23% बढ़कर 16,701 हो गया है, जबकि कीमतें ₹1,017 गिरी हैं,जो बाजार में मंदी की ओर झुकाव दिखाता है। सोने के लिए ₹1,48,035 पर सपोर्ट है। अगर कीमत इस लेवल से नीचे बनी रहती है तो यह ₹1,46,965 के लेवल तक जा सकता है। ऊपर की तरफ, गोल्ड के लिए ₹1,50,055 पर रेजिस्टेंस है। अगर कीमत इस लेवल से ऊपर जाती है तो तेजी ₹1,51,005 तक बढ़ सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।