प्याज ने बिगाड़ा बजट, केजरीवाल सरकार बेच रही सस्ती प्याज

दिल्ली में सस्ती प्याज देने के लिए केजरीवाल सरकार ने मोबाइल वैन लगाकर प्याज बेचने की शुरुआत की है।

अपडेटेड Sep 25, 2019 पर 9:14 AM
Story continues below Advertisement

प्याज की बढ़ती कीमतों ने लोगों के आंसू निकाल दिए हैं। आसमान छू रहे प्याज के दाम कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्याज के महंगे होने का कारण भारी बारिश और बाढ़ बताई जा रही है। ज्यादा बारिश से महाराष्ट्र में प्याज की फसल को काफी नुकसान हुआ। दिल्ली समेत कई इलाकों में प्याज के दाम 70 से 80 रुपए किलो के बीच हैं। वहीं पिछले हफ्ते दिल्ली में प्याज की कीमत 45 रुपए किलो थी। दिल्ली में महंगी प्याज से राहत देने के लिए केजरीवाल सरकार सस्ती प्याज बेच रही है। सरकार मोबाइल वैन के जरिए 24 रुपए किलो के भाव से प्याज बेच रही है।

दिल्ली में सस्ती प्याज देने के लिए केजरीवाल सरकार ने मोबाइल वैन लगाकर प्याज बेचने की शुरुआत की है। यहां हरेक व्यक्ति को 2 किलो प्याज 24 रुपये प्रति किलों के हिसाब से मिल रहा है। लेकिन सस्ता प्याज पाने के लिए लोगों को 2 घंटे तक का इंतजार करना पड़ रहा है। अभी कुछ दिनों तक प्याज के दाम से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

इधर दिल्ली में 80 रुपए किलो प्याज होने पर लोगों ने प्याज खाने में ही कटौती कर दी है। दिल्ली के ओखला मंदी में प्याज़ थोक के भाव में 52 रुपये किलो बिक रहा है जो रीटेल तक पहुँचते-पहुँचते 70 रुपये किलो तक पहुंच रहा है। दुकानदारों का कहना है कि यही प्याज़ पहले 20 से 25 रुपय किलो थोक के भाव में मिलता था आज प्याज़ का स्टॉक कम होने से और नई खेप नहीं आने की वजह से प्याज़ महंगा हो गया है। वहीं ख़रीदार का कहना है कि प्याज़ की बढ़ती क़ीमतों ने बेहद परेशान कर रखा है। थोक के भाव में 52 रुपये मिल रहा है और खुदरा मार्केट की बात करे तो 80 रुपये तक प्याज़ को बेचा जा रहा है। पूरा बजट गड़बड़ा रहा है। इसलिए यहां से ख़रीदने पहुंचे हैं। वहीं दुकानदार का ये भी कहना है कि प्याज़ के बढ़ते दामों की वजह से उनकी बिक्री भी कम हो गई है जहां लोग 10 किलो ख़रीदते थे वहीं 5 किलो ख़रीद रहें हैं।

जयपुर में प्याज की कीमते 80 रूपए प्रति किलो जा पहुंची। जयपुर की लालकोट मंडी में कई दुकानदारों ने प्याज मंहगे होने के बाद तीन से चार अलग अलग कैटैगिरी में बेचना शुरू कर दिया। सबसे सस्ता नींबू के आकार का छोटा प्याज 50 रूपये प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा है लेकिन अच्छी किस्म का बडा प्याज 80 रूपये प्रति किलो के भाव। जेब के हिसाब से प्याज के दाम। दुकानदार बाढ़ को बढ़ी कीमतों का कारण बता रहे है।

 

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।


हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।