Petrol Diesel Price: इन दिनों देश भर में पेट्रोल-डीजल के दाम में आग लगी हुई है। हर दिन पेट्रोल-डीजल के दाम 80, 85, 75 पैसे दाम में इजाफा हो रहा है। रविवार को भी पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी देखने को मिली है। पिछले दो हफ्तों में अब तक पेट्रोल-डीजल के दाम 8 रुपये बढ़ गए हैं। महाराष्ट्र के परभणी (Parbhani) जिले में पेट्रोल-डीजल के दाम ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यहां नॉर्मल पेट्रोल की कीमत 121.38 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 103.97 रुपये प्रति लीटर हैं।
इसी तरह राजस्थान के श्रीगंगानगर (Sriganganagar) में भी पेट्रोल-डीजल के दाम में आग लगी हुई है। यहां पेट्रोल के दाम 120.73 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 103.30 रुपये प्रति लीटर हैं।
जानिए परभणी में क्यों महंगा है तेल
महाराष्ट्र के परभणी जिले में पेट्रोल-डीजल के दाम इसलिए आग उगल रहे हैं क्योंकि यहां मनमाड डिपो से तेल की आपूर्ति की जाती है, जो कि परभणी से 340 किमी दूर है। परभणी पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन (Petrol Dealers Association) के अध्यक्ष अमोल भेडसुरकर (Amol Bhedsurkar) ने कहा कि हमने औरंगाबाद में एक डिपो लगाने की मांग की है। जिससे तेल की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की कमी आएगी। उन्होंने आगे कहा कि तेल की कीमतों के GST के तहत लाया जाता है तो लोगों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी। लोकल टैक्स के अलावा ईंधन की कीमतें माल ढुलाई पर भी निर्भर हैं।
पिछले 13 दिन में 11 बार बढ़े दाम
बता दें कि सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानी रविवार को फिर से तेल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। यह पिछले 13 दिनों में 11वीं बार कीमतों में इजाफा किया गया है। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 22 मार्च से अब तक 8 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। चार महीनों से अधिक समय के बाद पेट्रोल-डीजल के मीटर ने रफ्तार पकड़ी है। इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल के दाम बढ़ने से डोमेस्टिक मार्केट में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ना लगभग तय है।
पिछले साल 3 नवंबर को सरकार ने पेट्रोल-डीजल के रिटेल दाम कम करने के लिए एक्साइज ड्यूटी में कटौती की थी। पेट्रोल पर 5 रुपये और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी। इसके बाद राज्य सरकारों ने आम लोगों को राहत देने के लिए VAT में भी कैंची चलाई थी।