घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया सीमित दायरे में कारोबार करते हुए अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे बढ़कर 87.65 पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि रुपया सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है और भारत और अमेरिका के बीच व्यापार शुल्क के मुद्दे पर अनिश्चितता के बीच कुल मिलाकर नकारात्मक रुख रहने की उम्मीद है।
इसके अलावा, निवेशक अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) मुद्रास्फीति के आंकड़ों से पहले प्रतीक्षा और निगरानी की स्थिति में हैं और 15 अगस्त को अमेरिका-रूस वार्ता से भी संकेतों का इंतजार कर रहे हैं।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 87.70 पर खुला और फिर 87.65 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 10 पैसे की बढ़त दर्शाता है।
सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 17 पैसे की गिरावट के साथ 87.75 पर बंद हुआ।
सीआर फॉरेक्स एडवाइजर्स के एमडी अमित पबारी ने कहा, "फिलहाल, रुपया दबाव में है और 87.80-87.90 के दायरे में रजिस्टेंस देखा जा रहा है। 87.50 पर सपोर्ट मज़बूत बना हुआ है। दोनों में से किसी भी तरफ़ स्पष्ट गिरावट यह तय कर सकती है कि आने वाले दिनों में मुद्रा स्थिर रहेगी या और गिरेगी।"
इस बीच, वायदा कारोबार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.33 प्रतिशत बढ़कर 66.85 डॉलर प्रति बैरल हो गई। छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत गिरकर 98.49 पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर देखें तो शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 66.28 अंक चढ़कर 80,670.36 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 42.85 अंक बढ़कर 24,627.90 पर पहुंच गया।