एस्सार ग्रुप के फाउंडर रवि रुइया के दामाद की कंपनी Matix Fertilisers & Chemicals ने लेंडर्स के साथ 4,500 करोड़ रुपये के कर्ज का मामला निपटा लिया है। इसके लिए कंपनी ने 3,082 करोड़ रुपये का एकमुश्त भुगतान (OTS) किया है। यह हाल के वर्षों की बड़ी OTS डील्स में से एक है जिसमें सभी लेंडर्स नेशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल (NCLT) के दायरे से बाहर अपनी बकाया रकम पर समझौता करने के लिए सहमत हुए हैं।
एक वरिष्ठ बैंक अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि यह डील पिछले महीने हुई थी। यह ऑफर प्रत्येक एक रुपये के बकाया पर 68 पैसे के भुगतान के बराबर है।
कंपनी से 3,082 करोड़ रुपये की रिकवरी मौजूदा फाइनेंशियल ईयर की दूसरी तिमाही में लेंडर्स की अर्निंग्स में सुधार होगा।
Matix Fertilisers को कर्ज देने वालों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, IDBI बैंक, एक्सिस बैंक, सेंट्रल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और एग्जिम बैंक शामिल हैं।
सूत्रों ने बताया कि कंपनी के इस पूरी तरह से कैश ऑफर की फंडिंग रूस के VTB बैंक और Matix Fertilizers Holding Ltd ने की है।
इस बारे में VTB बैंक और Matix Fertilisers ने मनीकंट्रोल की ओर से भेजे गए प्रश्नों का उत्तर नहीं दिया।