रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (Reliance Retail Ventures Limited) में अबू धाबी इनवेस्मेंट अथॉरिटी (Abu Dhabi Investment Authority) अपनी एक पूर्व स्वामित्व वाली सहयोगी कंपनी के जरिए करीब 4,966.80 करोड़ रुपये निवेश करेगी। कंपनी ने शुक्रवार 6 अक्टूबर को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। बता दें रिलायंस रिटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीड लिमिटेड (Reliance Industries Limited) की सब्सिडियरी कंपनी है। बयान में कहा गया कि इस डील में रिलायंस रिटेल की वैल्यू 8.381 लाख करोड़ रुपये लगाई है, जो इसे इक्विटी वैल्यू के हिसाब से देश की चौथी सबसे बड़ी कंपनी बनाता है। इस निवेश के बदले अबू धाबी इनवेस्मेंट अथॉरिटी (ADIA) को रिलायंस रिटेल में 0.59 फीसदी हिस्सेदारी मिलेगी।
रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर ईशा मुकेश अंबानी ने इस मौके पर कहा, "हमें रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड के एक निवेशक के रूप में ADIA के लगातार समर्थन और साझेदारी के बढ़ाने को प्रयासों से खुशी है। ADIA के पास ग्लोबल स्तर पर वैल्यू बनाने का दशकों लंबा अनुभव है, जिससे दृष्टिकोण को लागू करने और भारतीय रिटेल सेक्टर में बदलाव लाने में और फायदा होगा।
उन्होंने आगे कहा, "रिलायंस रिटेल में ADIA का निवेश भारतीय अर्थव्यवस्था और हमारे व्यापार के बुनियादी सिद्धांतों, रणनीति और उन्हें लागू करने की क्षमताओं में उनके भरोसा का एक और सबूत है।"
वहीं AIDA के प्राइवेट इक्विटी डिपार्टमेंट के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर, हमाद शाहवान अल्धाहेरी ने कहा, “रिलायंस रिटेल ने एक ऐसे बाजार में मजबूत विकास और क्षमता का प्रदर्शन किया है जो काफी तेज गति से बढ़ रहा है। यह निवेश हमारी पोर्टफोलियो कंपनियों को समर्थन देने की हमारी रणनीति का हिस्सा है जो अपने टारगेट मार्केट में बदलाव ला रही हैं।''
रिलायंस रिटेल अपनी सहायक कंपनियों और सहयोगियों के जरिए 18,500 से अधिक ऑफलाइन स्टोर और ई-कॉमर्स प्लेटफार्मों के जरिए करीब 26.7 करोड़ ग्राहकों को सेवाएं देती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।