Axis Bank ने 20 अक्टूबर को सितंबर तिमाही के नतीजों (Q2 results of Axis Bank) का ऐलान किया। इस दौरान बैंक का मुनाफा (Axis Bank Profit) साल दर साल आधार पर 70 फीसदी बढ़कर 5,329.77 करोड़ रुपये रहा। बैंक ने एक साल पहले की समान अवधि में 3,133 करोड़ रुपये प्रॉफिट कमाया था। इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बैंक का मुनाफा 4,125 करोड़ रुपये था।
एक्सिस बैंक प्राइवेट सेक्टर का बैंक है। इसके नतीजे एनालिस्ट्स के अनुमान से बेहतर रहे हैं। एनालिस्ट्स ने बैंक के प्रॉफिट की ग्रोथ साल दर साल आधार पर 45 फीसदी रहने की उम्मीद जताई थी। सितंबर तिमाही में बैंक की कोर इनकम की ग्रोथ अच्छी रही। बैंक की एसेट क्वालिटी में भी सुधार देखने को मिला।
सितंबर तिमाही में एक्सिस बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) साल दर साल आधार पर 31 फीसदी बढ़कर 10,360.3 करोड़ रुपये रही। यह एक साल पहले की समान अवधि में 7,900 करोड़ रुपये थी। इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही में यह 9,384 करोड़ रुपये थी।
सितंबर तिमाही में एक्सिस बैंक का प्रोविजन 549.78 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले की समान अवधि में 1,735 करोड़ रुपये के प्रोविजन के मुकाबले 68 फीसदी कम है। एनालिस्ट्स ने पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले प्रोविजन 50 फीसदी रहने की उम्मीद जताई थी। प्रोविजन कम रहने से सितंबर तिमाही में बैंक के मुनाफे की ग्रोथ अच्छी रही है।
लेकिन, तिमाही दर तिमाही आधार पर बैंक के प्रोविजन में 53 फीसदी उछाल दिखा है। जून तिमाही में बैंक का प्रोविजन 359.36 करोड़ रुपये था। सितंबर तिमाही में बैंक का ग्रॉस एनपीए 2.5 फीसदी रहा। यह पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 3.53 फीसदी था। इस साल जून तिमाही में यह 2.76 फीसदी था।
20 अक्टूबर को एक्सिस बैंक के शेयरों में कमजोरी देखने को मिली। यह शेयर 0.68 फीसदी की कमजोरी के साथ 824.20 रुपये पर बंद हुआ।