Adani Total Gas Q1 Results: अदाणी ग्रुप की कंपनी अदाणी टोटल गैस ने सोमवार 29 जुलाई को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2024) के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका शद्ध मुनाफा 14.4 फीसदी बढ़कर 171.8 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में 150 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू इस दौरान 8.5 फीसदी बढ़कर 1,145.4 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले साल इसी तिमाही में 1,056 करोड़ रुपये था।
अदाणी टोटल गैस का ऑपरेटिंग प्रॉफिट यानी EBITDA जून तिमाही में 19.6 फीसदी बढ़कर 296.3 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में 247.7 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का EBITDA मार्जिन जून तिमाही के अंत में 26 फीसदी रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 23.5 फीसदी था।
तिमाही नतीजों के ऐलान के बाद अदाणी टोटल गैस के शेयरों में मामूली गिरावट आई। दोपहर 3.20 बजे के करीब, कंपनी के शेयर 0.24 फीसदी की तेजी के साथ 892.10 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। पिछले एक साल में इस शेयर में 34 फीसदी की तेजी आई है। हालांकि इस साल की शुरुआत से अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 10 फीसदी की गिरावट आई है।
अडानी टोटल गैस शहरों में गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का संचालन करती है। कंपनी इंडस्ट्रियल, कमर्शियल और रेजिडेंशियल ग्राहकों को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और ट्रांसपोर्ट सेक्टर को कंप्रेस्ड नैचुरल गैस (CNG) की सप्लाई करती है। कंपनी ने पहले ही गुजरात में अहमदाबाद और वडोदरा, हरियाणा में फरीदाबाद और उत्तर प्रदेश के खुर्जा में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तैयार कर लिया है।
Adani Wilmar का भी आया नतीजा
अदाणी विल्मर ने बताया कि जून तिमाही में उसे 323 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा हुआ, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी 38.44 करोड़ रुपये के घाटे में रही थी। वहीं कंपनी का रेवेन्यू इस दौरान बढ़कर 13,750.04 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 12,378.83 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) सालाना आधार पर 375 फीसदी बढ़कर 619 करोड़ रुपये रहा। यह किसी एक तिमाही में कंपनी का अबतक का सबसे अधिक ऑपरेटिंग प्रॉफिट है। कंपनी ने कहा कि जून तिमाही के दौरान एडिबल ऑयल की कीमतें स्थिर रहीं, जिससे उसे अपना प्रॉफिट बढ़ाने में मदद मिली।