Ambuja Cements Q4 Results: अदाणी ग्रुप (Adani Group) की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स ने मंगलवार 2 मई को वित्त वर्ष 2023 की मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 10.87 फीसदी घटकर 763.30 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 856.46 करोड़ रुपये रहा था। Ambuja Cements ने BSE को भेजी सूचना में बताया कि मार्च तिमाही में उसका कारोबार से आय 7,965.98 रुपये पर लगभग सपाट रहा है। इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 7,900.04 करोड़ रुपये रहा था।
बता दें कि Ambuja Cements के कंसॉलिडेटेड नतीजे में उसकी सहयोगी कंपनी एसीसी (ACC) का वित्तीय प्रदर्शन भी शामिल हैं। अंबुजा सीमेंट्स के पास ACC की 51 फीसदी हिस्सेदारी है और ये दोनों अदाणी ग्रुप की कंपनियां हैं।
Ambuja Cements का मार्च तिमाही में कुल खर्च 4.47 फीसदी बढ़कर 7,118.71 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 6,813.51 करोड़ रुपये रहा था। मार्च तिमाही में कंपनी की कुल कंसॉलिडेटेड आय 8,250.45 करोड़ रुपये रही, जो सालाना आधार पर सवा 3 फीसदी अधिक है।
स्टैंडअलोन आधार पर, अबुंजा सीमेंट्स का शुद्ध मुनाफा मार्च तिमाही में 1.61 फीसदी बढ़कर 502.40 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 494.41 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसका स्टैंडअलोन रेवेन्यू 8.39 फीसदी बढ़कर 4,256.31 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 3,926.73 करोड़ रुपये था।
प्रति शेयर 2.50 रुपये के डिविडेंड का ऐलान
Ambuja Cements ने शेयर बाजारों को एक अलग से भेजी सूचना में बताया कि उसके बोर्ड ने मंगलवार को हुई बैठक में 2 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 125% फीसदी, यानी 2.50 रुपये के डिविडेंड देने का ऐलान किया है।
इस बीच अंबुजा सीमेंट्स के शेयर मंगलवार को एनएसई पर 0.87% की तेजी के साथ 393.05 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 4.87% की तेजी आई है। वहीं पिछले एक महीने में इसके शेयरों का भाव करीब 6.78 फीसदी बढ़ा है।