Asian Paints Q3 Result: एशियन पेंट्स (Asian Paints) ने आज दिसंबर तिमाही के नतीजे पेश किए हैं। अक्टूबर-दिसंबर 2022 में दिग्गज पेंट कंपनी का मुनाफा तो बढ़ा है लेकिन यह उम्मीद के मुकाबले कम रहा। इसके चलते एशियन पेंट्स के शेयरों में बिकवाली का दबाव दिख रहा है। इंट्रा-डे में तो यह बीएसई पर करीब 2 फीसदी टूटकर 2891.45 रुपये के भाव (Asian Paints Share Price) पर फिसल गया। चालू वित्त वर्ष 2022-23 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2022 में पेंट कंपनी का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट 6.37 फीसदी के उछाल साथ 1097.06 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक वित्त वर्ष पहले की समान तिमाही में यह आंकड़ा 1031.29 करोड़ रुपये था।
Asian Paints की दिसंबर तिमाही के नतीजे
एशियन पेंट्स का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट 6.37 फीसदी बढ़कर 1097.06 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं इसका कंसालिडेटेड ऑपरेशनल रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 1.28 फीसदी उछलकर 8636.74 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी के रेवेन्यू और प्रॉफिट में बढ़ोतरी तो हुई है लेकिन अनुमान के मुकाबले ये कम रहे। मनीकंट्रोल ने ब्रोकरेज के बीच जो पोल कराया था, उसमें नेट प्रॉफिट दिसंबर 2022 तिमाही में 8.7 फीसदी बढ़कर 1104 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 10.9 फीसदी उछलकर 9456 करोड़ रुपये का अनुमान था।
उम्मीद के विपरीत क्यों रहा रिजल्ट
एशियन पेंट्स के एमडी और सीईओ Amit Syngle का कहना है कि दिसंबर तिमाही में घरेलू डेकोरेटिव कारोबार वॉल्यूम लगभग फ्लैट रहा और वैल्यू की बात करें तो उसके पिछले वित्त वर्ष में हाई प्राइस हाइक बेस के चलते यह भी प्रभावित हुआ। इस बार मानसून लंबे समय यानी अक्टूबर तक रहा जिसने कारोबार को प्रभावित किया। हालांकि नवंबर में मांग में तेजी आई और दिसंबर में तो डेकोरेटिव कारोबार की ग्रोथ दोहरे अंकों में पहुंच गई।
कंपनी के मुताबिक ऑटो और आम इंडस्ट्रियल सेग्मेंट्स की मजबूत ग्रोथ के चलते इंडस्ट्रियल बिजनेस बेहतर रही। हालांकि इंटरनेशनल कारोबार में मिला-जुला रुझान रहा। मिडिल-ईस्ट और अफ्रीका में ग्रोथ बेहतर रही लेकिन श्रीलंका और बांग्लादेश में विपरीत फोरेक्स और मैक्रो-इकोनॉमिक परिस्थितियों के चलते कारोबार प्रभावित हुआ। होम डेकोरेशन मार्केट में विस्तार तो हुआ लेकिन बाथ और किचन बिजनेस दिसंबर तिमाही में सुस्त रहा।