BSE Q1 Result : बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी BSE ने आज 9 अगस्त को FY24 की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान किया है। अप्रैल-जून तिमाही में BSE ने 440 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। यह पिछले साल की समान तिमाही में एक्सचेंज के 40 करोड़ रुपये के मुनाफे से 11 गुना अधिक है। इस बीच, तिमाही में ऑपरेशन से BSE का राजस्व सालाना लगभग 16 फीसदी बढ़कर 215.62 करोड़ रुपये हो गया। एक्सचेंज का खर्च सालाना आधार पर 11.6 फीसदी बढ़कर 173.4 करोड़ रुपये हो गया।
मुनाफे में उछाल की क्या है वजह
FY24 की पहली तिमाही के दौरान BSE ने SEBI के डायरेक्टिव की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी सहयोगी कंपनी सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज (इंडिया) लिमिटेड में 5 फीसदी हिस्सेदारी बेच दी थी। विनिवेश पर 406.62 करोड़ रुपये के लाभ को एक एक्सेप्शनल आइटम के रूप में दिखाया गया है, जिससे मुनाफे को बढ़ावा मिला है। एक्सेप्शनल आइटम को छोड़ दिया जाए तो नेट प्रॉफिट 82 फीसदी बढ़कर 72.6 करोड़ रुपये हो गया है।
तिमाही के दौरान बीएसई ने वीकली ऑप्शन के साथ F&O सेगमेंट को फिर से जीवित करने के लिए एक नया कदम उठाया। इसने सेंसेक्स F&O कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए लॉट साइज को पहले के 15 से घटाकर 10 कर दिया। बैंकेक्स इंडेक्स के लिए लॉट साइज को पहले 20 के बजाय 15 कर दिया गया था। दोनों के कॉन्ट्रैक्ट्स अब गुरुवार के बजाय शुक्रवार को एक्सपायर होंगे।
इसके बाद, एक्सचेंज के ट्रेडिंग वॉल्यूम में अच्छी बढ़ोतरी देखी गई है। इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट में औसत दैनिक कारोबार अब 32.81 लाख करोड़ रुपये है। बीएसई कारोबार का अनुमानित मूल्य साझा करता है।
StAR म्यूचुअल फंड प्लेटफॉर्म के लिए वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में प्राप्त ऑर्डरों की संख्या सालाना आधार पर 39 फीसदी बढ़कर 8.3 करोड़ हो गई, जबकि राजस्व सालाना आधार पर 59 फीसदी बढ़कर 23.8 करोड़ रुपये हो गया। BSE का Q1 रिजल्ट NSE के दो सप्ताह बाद आया है। जून में समाप्त तिमाही में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने सालाना आधार पर 9 फीसदी की वृद्धि के साथ 1,844 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड शुद्ध लाभ दर्ज किया।