CEAT Q4 Results: टायर बनाने वाली कंपनी सीएट ने गुरुवार 4 मई को वित्त वर्ष 2023 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 5 गुने से भी अधिक बढ़कर 133.7 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 25.3 करोड़ रुपये था। कंपनी ने बताया कि कच्चे माल की लागत घटने और घरेलू बाजार में अधिक मांग के चलते उसे अपना मुनाफा बढ़ाने में मदद मिली है। मार्च तिमाही में कंपनी की कुल आमदनी 11 फीसदी बढ़कर 2,874.8 करोड़ रुपये रही, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,592 करोड़ रुपये रहा था।
ऑपरेटिंग मोर्चे की बात करें तो, मार्च तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) 96 फीसदी बढ़कर 367.8 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 187.5 करोड़ रुपये था।
वहीं कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन मार्च तिमाही में बढ़कर 12.8 फीसदी हो गया, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 7.2 फीसदी था।
कंसॉलिडेटेड आधार पर, कंपनी का वित्त वर्ष 2023 में कुल रेवेन्यू 11,315 करोड़ रुपये, ऑपरेटिंग प्रॉफिट 982 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 182 करोड़ रुपये रहा। वहीं स्टैंडअलोन आधार पर पूरे वित्त वर्ष 2023 के लिए कंपनी का रेवेन्यू 11,263 करोड़ रुपये, ऑपरेटिंग प्रॉफिट 977 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 206 करोड़ रुपये रहा।
सीएट ने बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 120 फीसदी यानी 12 रुपये के डिविडेंड बांटने की सिफारिश की है।
इस बीच CEAT के शेयर आज एनएसई पर 1.81% की तेजी के साथ 1,668 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 17.94% की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में इसने निवेशकों को 52.82% का रिटर्न दिया है।