Coal India का मुनाफा दिसंबर तिमाही में 70% बढ़कर ₹7,556 करोड़ पर पहुंचा, शेयरधारकों को मिलेगा इतना डिविडेंड

Coal India Q3 Results: कोल इंडिया का मुनाफा दिसंबर तिमाही में 70.13 फीसदी बढ़कर 7,755.55 करोड़ रुपये रहा है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 4,558.39 करोड़ रुपये था। कंपनी ने नतीजों के साथ शेयरधारकों को प्रति शेयर 5.25 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने का भी ऐलान किया

अपडेटेड Jan 31, 2023 पर 7:50 PM
कोल इंडिया की आमदनी दिसंबर तिमाही में 23.68% बढ़कर 35,169.33 करोड़ रुपये रहा

Coal India Q3 Results: माइनिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड ने मंगलवार 31 जनवरी को मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि तीसरी तिमाही में उसका मुनाफा 70.13 फीसदी बढ़कर 7,755.55 करोड़ रुपये रहा है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 4,558.39 करोड़ रुपये था। कोल इंडिया ने बताया कि तीसरी तिमाही में उसकी कारोबार से आमदनी 23.68 फीसदी बढ़कर 35,169.33 करोड़ रुपये रहा। यह इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 28,433.50 करोड़ रुपये था। कोल इंडिया भारत सरकार के स्वामित्व वाली कंपनी है।

कोल इंडिया ने बताया कि दिसंबर तिमाही के दौरान उसने 18.006 करोड़ टन कोयले का उत्पादन किया, जबकि इसका ऑफटेक 17.578 टन का रहा। यह पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के मुकाबले अधिक है क्योंकि पिछले साल इस तिमाही में कोल इंडिया का उत्पादन 16.381 करोड़ टन और ऑफटेक 17.376 करोड़ टन रहा था।

यह भी पढ़ें- क्या मंदी से निपटने की तैयारी में जुटे दुनिया के बड़े देश? केंद्रीय बैंकों ने खरीदा 1967 के बाद से सबसे अधिक सोना


5.25 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान

कोल इंडिया ने नतीजों के साथ योग्य शेयरधारकों को प्रति शेयर 5.25 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने का भी ऐलान किया। कंपनी ने बताया कि डिविडेंड के उद्देश्य से 8 फरवरी 2023 को रिकॉर्ड तय किया गया है। वहीं डिविडेंड का पैसा 2 मार्च तक शेयरधारकों के खाते में क्रेडिट होगा। कोल इंडिया ने इससे पहले नवंबर में भी 15 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड का ऐलान किया था।

आज शेयरों में 0.44% फीसदी की गिरावट

कोल इंडिया के शेयर आज 31 जनवरी को बीएसई पर 0.44% फीसदी गिरकर 224.90 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कोल इंडिया के शेयरों का भाव सिर्फ 0.04% फीसदी बढ़ा है। हालांकि पिछले एक साल में इसमें करीब 224.90 फीसदी की तेजी आई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।