एचसीएल टेक्नोलॉजीज (HCL Technologies) ने गुरुवार 12 जनवरी को मौजूदा वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 20 फीसदी बढ़कर 4,096 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 3,442 करोड़ रुपये रहा था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू इस दौरान 19.61 फीसदी बढ़कर 26,700 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 22,321 करोड़ रुपये रहा था। कॉन्सटैंट करेंसी के टर्म में कंपनी के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 13.1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कंपनी के नतीजे बाजार के अनुमानों से बेहतर रहे हैं। ब्रोकरेजेज के एक पोल में कंपनी का रेवेन्यू 16.6 फीसदी बढ़कर 26,026 करोड़ रुपये, जबकि मुनाफे के 10.6 फीसदी बढ़कर 3,796 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था।
HCL Technologies ने बताया कि दिसंबर तिमाही के दौरान उसने कुल 17 बड़े डील हासिल किए। इसमें से 7 डील सर्विस सेगमेंट और 10 डील सॉफ्टवेयर सेगमेंट में मिले हैं। कंपनी के नए डील का टोटल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू (TCV) करीब 2.35 अरब डॉलर रहा, जो सालाना आधार पर 10 फीसदी अधिक है।
HCL Tech ने बताया कि दिसंबर तिमाही के दौरान उसका EBIT मार्जिन तिमाही आधार पर 1.65 फीसदी बढ़कर 19.6 फीसदी रहा। वहीं इसका नेट मार्जिन तिमाही आधार पर 1.17 फीसदी बढ़कर 15.3 फीसदी रहा।
10 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड
कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने वित्त वर्ष 2023 के 10 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है। कंपनी ने डिविडेंड के लिए 20 जनवरी को रिकॉर्ड डेट तय किया है। योग्य शेयरधारकों के खाते में 1 फरवरी 2023 से डिविडेंट राशि ट्रांसफर की जाएगी।
6 महीने में 17% बढ़े HCL टेक के शेयर
इस बीच HCL टेक के शेयर गुरुवार 12 जनवरी को एनएसई पर 1.68% फीसदी मजबूत होकर 1,072.50 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर 2.66% फीसदी बढ़े हैं। वहीं पिछले 6 महीने में इसमें करीब 16.86% की तेजी आई है।