HDFC Life Q4 Results: उम्मीद से बेहतर रहे मार्च तिमाही के नतीजे, नेट प्रॉफिट 15% तेजी के साथ ₹411 करोड़

HDFC Life Q4 Results: तिमाही के दौरान कंपनी की प्रीमियम से शुद्ध आय 20,488 करोड़ रुपये रही, जो मार्च 2023 तिमाही की आय 19,426 करोड़ रुपये से 5.4 प्रतिशत ज्यादा है। HDFC Life Insurance ने अपने शेयरधारकों को FY24 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर के लिए 2 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने का फैसला किया है

अपडेटेड Apr 18, 2024 पर 4:34 PM
Story continues below Advertisement
HDFC Life का नेट प्रॉफिट मार्च तिमाही में उम्मीद से बेहतर रहा है

HDFC Life Q4 results: प्राइवेट सेक्टर की बीमा कंपनी HDFC Life Insurance ने जनवरी-मार्च 2024 तिमाही के लिए वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। मार्च 2024 तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा 411 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान तिमाही के 358 करोड़ रुपये के मुनाफे से 14.8 प्रतिशत ज्यादा है। तिमाही के दौरान कंपनी की प्रीमियम से शुद्ध आय 20,488 करोड़ रुपये रही, जो मार्च 2023 तिमाही की आय 19,426 करोड़ रुपये से 5.4 प्रतिशत ज्यादा है।

मार्च 2024 तिमाही के दौरान HDFC Life Insurance का सॉल्वेंसी रेशियो 187 प्रतिशत रहा, जो एक साल पहले की तुलना में 203 प्रतिशत ज्यादा है। पूरे वित्त वर्ष 2024 के दौरान कंपनी की प्रीमियम से शुद्ध आय बढ़कर 61959 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 56764 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा बढ़कर करीब 1569 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 1360 करोड़ रुपये था।

फाइनल डिविडेंड पर मुहर


HDFC Life Insurance ने अपने शेयरधारकों को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर के लिए 2 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने का फैसला किया है। इस प्रस्ताव पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। कंपनी की 24वीं सालाना आम बैठक 15 जुलाई 2024 को होगी। HDFC Life Insurance का कहना है कि फाइनल डिविडेंड के लिए पात्र शेयरहोल्डर्स निर्धारित करने के लिए रिकॉर्ड डेट 21 जून 2024 होगी। डिविडेंड का भुगतान 20 जुलाई 2024 को या उसके बाद कर दिया जाएगा।

HDFC Life Insurance शेयर की कैसी है चाल

HDFC Life Insurance का शेयर 18 अप्रैल को हरे निशान में है। शेयर सुबह बीएसई पर बढ़त के साथ 617.10 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 3 प्रतिशत तक उछलकर 623.60 रुपये के हाई तक गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 0.57 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 607.90 रुपये पर सेटल हुआ। शेयर ने 12 दिसंबर 2023 को 52 सप्ताह का उच्च स्तर 710.60 रुपये छुआ था। 52 सप्ताह का निचला स्तर 511.55 रुपये 21 अप्रैल 2023 को देखा गया।

Q4 वित्तीय नतीजों के बाद Just Dial शेयर पर टूटे ​निवेशक, छुआ 1 साल का नया हाई

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।