HUL Q2 Results: मार्केट कैप के हिसाब से FMCG सेक्टर की सबसे बड़ी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) का शुद्ध मुनाफा सितंबर तिमाही में करीब 4 फीसदी बढ़ गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 3 फीसदी से अधिक ऊपर चढ़ा है। कंपनी ने आज एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी है। एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक चालू वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर 2023 में इसका स्टैंडएलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 3.86 फीसदी उछलकर 2,717 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान रेवेन्यू भी 3.53 फीसदी बढ़कर 15,027 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके रेवेन्यू और मुनाफे में अनुमान से अधिक बढ़ोतरी रही। चार ब्रोकरेज ने 2,540.9 करोड़ रुपये के नेट प्रॉफिट और 15,300 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का अनुमान लगाया था।
HUL Q2 Results की खास बातें
हिंदुस्तान यूनिलीवर ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि इसके रिजल्ट में वे आंकड़े भी शामिल हैं जो इनडायरेक्ट टैक्स से जुड़े मामले में उसके पक्ष में आए फैसले के चलते एकमुश्त पैसा आया था। इसकी कंपनी के टर्नओवर में 1 फीसदी और नेट प्रॉफिट में 4 फीसदी की बढ़ोतरी की। सितंबर तिमाही में कंपनी का स्टैंडएलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 3.86 फीसदी उछलकर 2,717 करोड़ रुपये और रेवेन्यू भी 3.53 फीसदी बढ़कर 15,027 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सितंबर तिमाही में इसका EBITDA सालाना आधार पर 9.4 फीसदी उछलकर 3,694 करोड़ रुपये और EBITDA मार्जिन सुधरकर 1.30 फीसदी सुधरकर 24.5 फीसदी पर पहुंच गया। विज्ञापनों पर 1720 करोड़ रुपये का खर्च आया। इसके होम-केयर डिविजन की रेवेन्यू ग्रोथ 3.3 फीसदी, ब्यूटी एंड पर्सनल केयर की ग्रोथ 4.5 फीसदी रही। फूड एंड रिफ्रेशमेंट्स कारोबार 2.6 फीसदी बढ़ा।
HUL के डिविडेंड के लिए ये है रिकॉर्ड डेट
कंपनी ने नतीजे के साथ इस वित्त वर्ष 2023-24 के लिए अंतरिम डिविडेंड का ऐलान भी किया है। 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर यह 18 रुपये का डिविडेंड बांटेगी। इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 2 नवंबर 2023 फिक्स किया गया है।
HUL के सीईओ और एमडी रोहित जावा का कहना है कि फेस्टिव सीजन, सर्विसेज में उछाल और सरकार के कैपिटल एक्सपेंडिचर में बढ़ोतरी के चलते FMCG की डिमांड में धीरे-धीरे सुधार जारी रहने की संभावना है। हालांकि उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव और मानसून के फसल पर असर पर नजर रखनी होगी। रोहित को उम्मीद है कि मिड से लॉन्ग टर्म में FMCG सेक्टर की ग्रोथ मजबूत रहेगी और HUL को इसका फायदा मिलेगा।