IDFC First Bank Q2 Results: निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक आईडीएफसी फर्स्ट बैंक (IDFC First Bank) के लिए सितंबर तिमाही शानदार रही। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर 2023 में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 35 फीसदी उछल गया और कोर ऑपरेटिंग प्रॉफिट भी 38 फीसदी बढ़ गया। बैंक ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। इसकी एसेट क्वालिटी में सुधार हुआ है। एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई डिटेल्स के मुताबिक IDFC फर्स्ट बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर सितंबर तिमाही में 35 फीसदी उछलकर 751 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही अप्रैल-सितंबर की बात करें तो मुनाफा 47 फीसदी उछलकर 1516 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
IDFC First Bank Q2 Results की खास बातें
सितंबर तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 556 करोड़ रुपये से 35 फीसदी उछलकर 751 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं कोर ऑपरेटिंग प्रॉफिट (ट्रेडिंग गेन निकालकर प्री-प्रोविजन ऑपरेटिंग प्रॉफिट) भी 38 फीसदी मजबूत होकर 1456 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। ब्याज से नेट इनकम (NII) 32 फीसदी उछलकर 3950 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। नेट इंटेरेस्ट मार्जिन (NIM) सालाना आधार पर 5.83 फीसदी पर 6.32 फीसदी पर पहुंच गया।
कस्टमर डिपॉजिट्स 44 फीसदी उछलकर 1,14,004 करोड़ रुपये, CASA (करंट अकाउंट एंड सेविंग्स अकाउंट) डिपॉजिट्स 26 फीसदी बढ़कर 79,468 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। खुदरा डिपॉजिट भी इस दौरान 50 फीसदी बढ़कर 1,27,595 करोड़ रुपये हो गया। सितंबर तिमाही के आंकड़ों के हिसाब से टोटल कस्टमर डिपॉजिट्स में खुदरा डिपॉजिट्स की 77 फीसदी हिस्सेदारी रही। एसेट्स क्वालिटी की बात करें को ग्रॉस एनपीए सालाना आधार पर 3.18 फीसदी से सुधरकर 2.11 फीसदी, नेट एनपीए 1.09 फीसदी से सुधरकर 0.68 फीसदी हो गया।
IDFC First Bank को अक्टूबर में मिला तगड़ा निवेश
एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई डिटेल्स के मुताबिक इस महीने की शुरुआत में बैंक ने तगड़ा निवेश जुटाया। अक्टूबर के पहले हफ्ते में इसने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए मार्क्वी निवेशकों से 3 हजार करोड़ रुपये जुटाए। इन निवेशकों को बैंक ने 90.25 रुपये के शेयर भाव पर जारी किए। फिलहाल बीएसई पर यह 86.09 रुपये (27 अक्टूबर का क्लोजिंग प्राइस) पर है।