Kalyan Jewellers Q4 Results: कल्याण ज्वैलर्स ने सोमवार 15 मई को वित्त वर्ष 2023 की मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 1.6 फीसदी गिरकर 71 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 72 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू मार्च तिमाही में 18.4 फीसदी बढ़कर 3,381.8 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,857 करोड़ रुपये था। ऑपरेटिंग मोर्च की बात करें तो, कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) मार्च तिमाही में 17.5 फीसदी बढ़कर 256.7 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 218.5 करोड़ रुपये था।
हालांकि कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन मार्च तिमाही में 7.6 फीसदी पर सपाट रहा। कल्याण ज्वेलर्स इंडिया के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर, रमेश कल्याणरमन ने इस मौके पर कहा, "हमने एक शानदार वित्त वर्ष पूरा किया है और अपने शेयरधारकों को रिवॉर्ड देने के लिए अपने पहले डिविडेंड का ऐलान किया है। एक मजबूत अक्षय तृतीया के साथ, हमने मौजूदा वित्त वर्ष की भी शानदार शुरुआत की है।"
पूरे वित्त वर्ष में कल्याण ज्वैलर्स का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू करीब 30 फीसदी बढ़कर 14,071 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 10,818 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का शुद्ध मुनाफा वित्त वर्ष 2023 में 432 करोड़ रुपये रहा। जो पिछले साल के मुकाबले करीब दोगुना है।
कल्याण ज्वेलर्स के बोर्ड ने इसके साथ ही 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 5% या 0.50 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का भी ऐलान किया है। डिविडेंड बांटने के फैसले पर अभी शेयरहोल्डरों की मुहर लगनी बाकी है।
इस बीच कल्याण ज्वेलर्स के शेयर सोमवार 15 मई को बीएसई पर 1.93 फीसदी गिरकर 106.55 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 2.90% की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को 67.93 फीसदी का दमदार रिटर्न दिया है।